शिक्षामित्र को 18 हजार का चेक देती उच्च शिक्षा राज्य मंत्री व अन्य।
अयोध्या। जिले में 1714 शिक्षामित्रों के मानदेय में 80 प्रतिशत की वृद्धि हुई। मंगलवार को सर्किट हाउस सभागार में आयोजित कार्यक्रम में 60 शिक्षामित्रों को 18,000 रुपये के बढ़े हुए मानदेय का चेक वितरित किया गया। बीएसए लाल चंद्र ने सभी का स्वागत करते हुए कार्यक्रम का शुभारंभ किया और उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी का मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह ने उनका स्वागत किया।
जिले में कुल 1714 शिक्षामित्र कार्यरत हैं, जिनमें से 1399 सर्व शिक्षा अभियान (एसएसए) के और 315 से अधिक बेसिक शिक्षा परिषद से जुड़े हैं। बीएसए लालचंद ने शिक्षामित्रों की भूमिका को सराहते हुए कहा कि प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था की मजबूती में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में प्रत्येक ब्लॉक से पांच चयनित शिक्षामित्रों को आमंत्रित किया गया था, इसके अलावा 50 से अधिक बच्चों का नामांकन कराने वाले छह विद्यालयों प्रधानाध्यापकों को उच्च शिक्षा राज्य मंत्री ने सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में शिक्षामित्र संघ के जिला अध्यक्ष दुर्गेश मिश्रा ने सभी का धन्यवाद ज्ञापन करते हुए आभार प्रकट किया। इस अवसर पर विधायक रुदौली रामचंद्र यादव, बीकापुर डॉ. अमित सिंह चौहान गोसाईगंज अभय सिंह , नगर अध्यक्ष राधेश्याम त्यागी, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रोहित सिंह सहित सभी विकासखंड के खंड शिक्षा अधिकारी सभी जिला समन्वयक एवं एसआरजी अंबिकेश त्रिपाठी और मनीष रस्तोगी उपस्थित रहे।