अयोध्या। राममंदिर चढ़ावा चोरी मामले के आरोपी लवकुश मिश्रा के निर्माणाधीन भवन से जुड़े प्रकरण में अयोध्या विकास प्राधिकरण के विहित प्राधिकारी की कोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान प्राधिकरण की ओर से बताया गया कि संबंधित पक्ष की ओर से उपलब्ध कराए गए दस्तावेज की जांच अभी जारी है। ऐसे में मामले की सुनवाई एक सप्ताह के लिए आगे बढ़ा दी गई है।
एडीए सचिव राजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि सुप्रिया मिश्रा की ओर से प्रस्तुत अभिलेखों का परीक्षण कराया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही यह तय किया जाएगा कि दस्तावेज नियमों के अनुरूप हैं या नहीं। इसी कारण अगली सुनवाई एक सप्ताह बाद निर्धारित की गई है।
बता दें कि बनबीरपुर (सहादतगंज) स्थित निर्माणाधीन जी+1 भवन को लेकर प्राधिकरण ने बिना मानचित्र स्वीकृति के निर्माण का मामला मिलने पर तीन जुलाई को नोटिस जारी किया था। बाद में अंतिम नोटिस जारी कर संबंधित पक्ष से जवाब और आवश्यक अभिलेख मांगे गए थे। सुनवाई के दौरान सुप्रिया मिश्रा ने प्राधिकरण के समक्ष दस्तावेज प्रस्तुत किए, जिनकी जांच फिलहाल जारी है।
दस्तावेज के परीक्षण के बाद ही विहित प्राधिकारी की कोर्ट आगे की वैधानिक कार्रवाई पर निर्णय लेगी।