मिल्कीपुर/तारुन। गर्भावस्था के दौरान उचित देखभाल व सुरक्षित प्रसव के लिए प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस योजना के तहत मंगलवार को विशेष शिविर लगे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिल्कीपुर, खंडासा व हैरिंगटनगंज में 242 गर्भवती महिलाएं प्रसव पूर्व जांच कराने पहुंची। इनमें 19 उच्च जोखिम गर्भधारण की श्रेणी में पाई गई। वहीं तारुन में 247 महिलाओं की जांच में 25 हाई रिस्क श्रेणी में चिह्नित की गईं।
सीएचसी मिल्कीपुर में 86 महिलाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया। डॉक्टर पूजा सरोज व डॉ. कीर्ति शर्मा ने इलाज के साथ इन्हें बेहतर खानपान की सलाह दी। खंडासा में 91 गर्भवती महिलाओं ने पंजीकरण कराया। डॉक्टर शिल्पी सिंह ने चिकित्सीय सलाह व दवाएं दीं। हैरिंगटनगंज सीएचसी में कुल 65 गर्भवती महिलाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया, डॉक्टर नेहा श्रीवास्तव ने परीक्षण किया। तीनों सीएचसी पर कुल 19 गर्भवती हाईरिस्क श्रेणी में चिह्नित की गई है। वहीं तारुन सीएचसी में 247 गर्भवती की जांच में 25 हाई रिस्क केस मिले। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान गुप्ता के नेतृत्व में लगे शिविर में हाई रिस्क प्रेगनेंसी की श्रेणी की महिलाओं को विशेष निगरानी में रखने के निर्देश दिए गए हैं।
60 वर्ष से ऊपर के मरीजों की हुई जांच
हनुमतनगर। रामपुर सरधा के पंचायत भवन में प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत स्वास्थ्य कैंप आयोजित किया गया। कैंप में 50 मरीजों की जांच की गई, जिनमें कुछ में टीबी से संबंधित लक्षण पाए गए। सीएचसी पूराबाजार की ओर से आयोजित कैंप का उद्घाटन प्रधान संघ अध्यक्ष अभिषेक सूर्यवंशी अंकुर ने किया। उच्च जोखिम समूह (60 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति) में डायबिटीज, हाइपरटेंशन, तंबाकू का सेवन करने वाले शामिल थे। टीबी से उपचारित हो चुके, एचआईवी ग्रसित और कुपोषित मरीजों का हैंड व चेस्ट एक्सरे भी किया गया। जिनमें टीबी के लक्षण पाए गए, उन्हें पूराबाजार केंद्र पर परामर्श और इलाज मिलेगा। एक्सरे टेक्नीशियन अजीत सिंह, बृजेश रावत और सकीना बानो सहित ग्रामीण मौजूद रहे।