अयोध्या। दीन दयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में डॉ भीमराव आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय क्रीड़ा संकुल में चल रही प्रदेशीय सीनियर महिला हॉकी प्रतियोगिता के दूसरे दिन रोमांचक मुकाबले हुए। खेले गए मैचों में गोरखपुर, वाराणसी, बरेली, अलीगढ़ और मुरादाबाद मंडल की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने प्रतिद्वंद्वियों को पराजित किया।
पहले मुकाबले में गोरखपुर मंडल ने सहारनपुर को 5-0 से हराया। गोरखपुर की ओर से अर्पिता ने दो गोल, जबकि आशी, अनन्या और काजल ने एक-एक गोल किया। दूसरे मैच में वाराणसी ने मेरठ को 3-0 से पराजित किया। वाराणसी के लिए वर्षा, पूजा और शोभा ने 1-1 गोल दागा। तीसरे मैच में बरेली ने गोंडा पर 5-0 से बड़ी जीत दर्ज की। बरेली की ओर से गौरी ने तीन गोल, जबकि वंशिका और अनामिका ने 1-1 गोल किया।
चौथे मैच में आगरा को बस्ती मंडल के खिलाफ वॉकओवर मिला। पांचवें मुकाबले में अलीगढ़ ने गोरखपुर को 3-1 से हराया। अलीगढ़ की ओर से प्रिया, विपाशा और प्राची ने 1-1 गोल किए, जबकि गोरखपुर की ओर से अर्पिता ने एकमात्र गोल किया। अंतिम मैच में मुरादाबाद ने चित्रकूटधाम को 3-0 से परास्त किया। विजेता टीम की ओर से अंजली, राखी और रेनुका ने 1-1 गोल किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह देखने लायक रहा और दर्शकों ने भी शानदार मुकाबलों का आनंद लिया। प्रतियोगिता का समापन 13 सितंबर को होगा।
इस मौके पर जिला कबड्डी संघ के सचिव सुरेश कुमार सिंह, डॉ. राम मनोहर लोहिया विश्वविद्यालय के खेल परिषद सचिव प्रो. आशीष प्रताप सिंह तथा क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी अनिमेष सक्सेना मौजूद रहे।