अयोध्या। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो में देश की बहुरंगी संस्कृति की झलक देखने को मिली। इसमें सिख, जैन, सिंधी, मुस्लिम, दलित, आदिवासी व ओबीसी समेत समाज के सभी वर्गों के प्रतिनिधियों की भागीदारी रही। इस दौरान मिनी भारत का स्वरूप यहां पर परिलक्षित हुआ। यहां तक कि बाबरी मस्जिद विवाद के पक्षकार रहे इकबाल अंसारी भी मोदी का स्वागत करने रोड शो में पहुंचे।
मोदी के रोड शो में समाज के सभी वर्गों ने अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। साधु-संतों के साथ तीर्थ पुरोहित, वेदपाठी, युवा, किन्नर, योगाचार्य, नव मतदाता, खिलाड़ी, महिलाएं, ब्रह्मकुमारी, प्रबुद्ध और विभिन्न जातीय पंचायती मंदिरों के महंत व उनके प्रतिनिधि शामिल रहे। इन सभी के लिए रोड शो के दो किलोमीटर लंबे मार्ग में अलग-अलग 82 की संख्या में ब्लॉक बनाए गए थे। इन ब्लॉकों में खड़े होकर न सिर्फ इन लोगों ने पीएम मोदी को देखा, बल्कि चेहरे पर खुशियों का भाव समेटे उनका अभिवादन भी स्वीकार किया।
रोड शो के दौरान रास्ते में स्वास्ति वाचन के साथ जय श्रीराम और मोदी-मोदी की गूंज सुनाई देती रही। पूरे रोड शो के मार्ग पर लाइटिंग और विद्युत झालरों की सजावट भव्यता में चार चांद लगा रही थी। इस दौरान टेढ़ी बाजार चौराहे से लता चौक तक रामपथ के बांई लेन पर सामान्य लोगों का आवागमन बंद रहा। दाहिनी लेन पर सिर्फ खड़े होने या पैदल आवाजाही की अनुमति रही। इस दौरान भीड़ का दबाव इतना बढ़ गया कि आवागमन थम गया। जो भी जहां खड़ा था, वह वहीं पर रह गया।
दो स्थानों पर मंच टूटा, किसी को नहीं आई चोट
पीएम मोदी के रोड शो में भीड़ का दबाव इतना बढ़ गया कि दो स्थानों पर आरती उतारने और लोकनृत्य के लिए बनाए गए मंच टूट गए। एक तो भीड़ का दबाव था, दूसरा इन मंचों पर निर्धारित लोगों के अलावा मोदी की एक झलक पाने की लालसा लिए सामान्य लोगों की भीड़ भी चढ़ गई। ऐसे में मंच ज्यादा दबाव नहीं सह सका और धराशायी हो गया। इसे संयोग ही कहेंगे कि किसी को चोट नहीं आई। एक मंच तो उस वक्त टूटा, जब सामने से कुछ पल पहले ही पीएम मोदी का रथ आगे बढ़ा था। हालांकि, इस बारे में पीएम या उनके काफिले में शामिल लोगों को जानकारी नहीं हो पाई।
रामलला के दर्शन के बाद मोदी के लिए किया इंतजार
देश के विभिन्न हिस्सों से रामलला के दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालु पीएम मोदी के रोड शो को देखने के लिए कई घंटे तक इंतजार करते रहे। मध्य प्रदेश के नीमच से आए अरविंद कुमार ने बताया कि उन्होंने दोपहर में ही परिवार के साथ दर्शन-पूजन कर लिया था। इस बीच जानकारी मिली कि पीएम मोदी रोड शो करने आ रहे हैं तो फिर वे लोग रुक गए। इसी तरह छत्तीसगढ़ के रायपुर से आए रामप्रसाद ने बताया कि उनका भी दर्शन दोपहर में हो गया था, लेकिन फिर मोदी को देखने के लिए रुके हुए हैं। यह सभी लोग रोड शो में शामिल होने के बाद ही रामनगरी से वापस लौटे।
रामपथ पर खड़े होकर मोदी का इंतजार करते रहे योगी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब राम मंदिर में रामलला के दर्शन कर रहे थे, उस वक्त मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अन्य वरिष्ठ नेता रोड शो के लिए रामपथ पर खड़े होकर उनका इंतजार कर रहे थे। प्रधानमंत्री मोदी दर्शन-पूजन और आरती के बाद जब सुग्रीव किला के पास पहुंचे तब पहले से यहां पर खड़े मुख्यमंत्री समेत अन्य नेताओं ने उनकी अगवानी की। इस दौरान प्रदेश के मंत्री सतीश शर्मा, महापौर गिरीशपति त्रिपाठी, विधायक रामचंद्र यादव, वेदप्रकाश गुप्त, अमित सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश पांडेय व अभिषेक मिश्र मौजूद रहे।