फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ayodhya News: शाश्वत तीर्थ अयोध्या में गणिनी प्रमुख ज्ञानमती ने की चातुर्मास की स्थापना

Tue, 28 Jul 2026 10:11 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या
विज्ञापन
जैन मंदिर में चातुर्मास स्थापना के दौरान मौजूद गणनी प्रमुख ज्ञानमती
विज्ञापन
अयोध्या। जैन समाज की सर्वोच्च साध्वी गणिनी प्रमुख ज्ञानमती माता ने रविवार को रायगंज स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर में ससंघ वर्षायोग (चातुर्मास) की विधिवत स्थापना की। वैदिक एवं जैन परंपराओं के अनुरूप हुए धार्मिक अनुष्ठानों के साथ चार माह तक चलने वाले चातुर्मास की शुरुआत हुई। इस दौरान 16 आर्यिका माताओं एवं संघस्थ ब्रह्मचारिणियों का संघ अयोध्या में ही प्रवास कर साधना, स्वाध्याय और धर्मप्रभावना करेगा।
विज्ञापन


प्रवचन में गणिनी प्रमुख ज्ञानमती माता ने कहा कि वर्ष 2026 का चातुर्मास शाश्वत तीर्थ अयोध्या, जो तीर्थंकरों की जन्मभूमि है, पर संपन्न होना उनके लिए सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि जैन आगमों के अनुसार वर्षाकाल में सूक्ष्म जीवों की उत्पत्ति अधिक होती है, इसलिए संत चार माह तक एक ही स्थान पर रहकर संयम, तप और साधना का पालन करते हैं, जिससे अनजाने में भी जीव हिंसा से बचा जा सके।

चातुर्मास स्थापना के लिए पीठाधीश रवींद्रकीर्ति स्वामी, संघपति अनिल कुमार जैन, कैलाशचंद सर्राफ, सुभाषचंद जैन, महामंत्री अमरचंद जैन, कोषाध्यक्ष ऋषभ जैन सहित अवध क्षेत्र के अनेक श्रद्धालुओं ने श्रीफल अर्पित कर ज्ञानमती से विनयपूर्वक अयोध्या में चातुर्मास करने का अनुरोध किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रमोद कुमार जैन ने की।
विज्ञापन


समारोह के दौरान श्रद्धालुओं ने गणिनी प्रमुख को संयम का प्रतीक पिच्छी अर्पित की तथा श्रद्धाभाव से चरण प्रक्षालन का पुण्य लाभ प्राप्त किया। सायंकाल भगवान जिनेंद्र और गणिनी प्रमुख की मंगल आरती के साथ चातुर्मास की धार्मिक क्रियाएं प्रारंभ हुईं।

विजय जैन ने बताया कि चातुर्मास के दौरान दशलक्षण महापर्व पर इंद्रध्वज महामंडल विधान का आयोजन भी किया जाएगा। इस 11 दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान में देशभर से श्रद्धालु अयोध्या पहुंचेंगे और लगभग 50 मंडलों के माध्यम से भगवान की विशेष आराधना करेंगे। इस अवसर पर आर्यिका चंदनामती माता ने सभी श्रद्धालुओं को मंगलाशीर्वाद प्रदान किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें