अयोध्या। बस्ती की एक महिला ने अयोध्या के एक निजी अस्पताल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने गलत ऑपरेशन कर आर्थिक शोषण और धोखाधड़ी का दावा किया है। पीड़िता मीरा देवी ने मुख्य चिकित्साधिकारी से इस मामले में जांच की मांग की है।
मीरा देवी ने शिकायत पत्र में बताया कि वर्ष 2021 में पेट दर्द होने पर वह विजय हॉस्पिटल पहुंची थीं। अस्पताल के चिकित्सक ने अल्ट्रासाउंड के बाद पित्ताशय में पथरी बताई थी। इसके बाद 20 फरवरी 2021 को उनका ऑपरेशन किया गया। अस्पताल ने बताया कि पित्ताशय निकाल दिया गया है। ऑपरेशन और उपचार के नाम पर उनसे लगभग 26 हजार रुपये लिए गए। उन्हें एक सप्ताह अस्पताल में रखने के बाद बिना डिस्चार्ज पर्ची के घर भेज दिया गया। इस साल मीरा देवी को फिर पेट में दर्द हुआ। उन्होंने हरैया, बस्ती और केजीएमयू लखनऊ में जांच कराई। इन जांचों में दोबारा पित्ताशय में पथरी पाई गई।
महिला का आरोप है कि यदि 2021 में पित्ताशय निकाला गया था तो उसमें दोबारा पथरी कैसे मिल सकती है। इससे साफ है कि अस्पताल ने गलत ऑपरेशन कर उन्हें गुमराह किया। उन्होंने अस्पताल और संबंधित जांच केंद्रों पर मिलीभगत का आरोप लगाया। महिला के अनुसार, मनमानी रिपोर्ट तैयार कर मरीजों से धनउगाही की जाती है।
मीरा देवी ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने अस्पताल और जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करने को कहा है। महिला ने कड़ी कानूनी और विभागीय कार्रवाई की भी मांग की है। सीएमओ देवेंद्र कुमार ने बताया कि एक जांच कमेटी गठित कर दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।