अयोध्या। तीर्थ यात्री सुविधा केंद्र परिसर के मंडप में स्थापित संत तुलसीदास की मूर्ति का अनावरण मंगलवार को अनुष्ठान के साथ किया जाएगा। मंगलवार सुबह हनुमान चालीसा पाठ सहित अन्य अनुष्ठानों के बीच मूर्ति का अनावरण किया जाएगा। इसी के साथ ही श्रद्धालुओं को संत तुलसीदास की मूर्ति के दर्शन मिलने लगेंगे।
राम मंदिर के ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र ने बताया कि तुलसीदास की मूर्ति स्थापित हो चुकी है। मंगलवार की सुबह तुलसीदास की मूर्ति का अनावरण होगा। बताया कि राममंदिर के लोअर प्लिंथ पर थ्रीडी चित्र लग रहे हैं। ये चित्र रामकथा के प्रसंगों पर आधारित हैं। इसके कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। डॉ. अनिल ने बताया कि सप्त मंडपम की मूर्तियां सोमवार को अयोध्या पहुंच गई हैं। उनकी स्थापना का कार्य शुरू हो रहा है। सप्त मंडपम के सातों मंदिरों में दरवाजे लग गए हैं। प्रत्येक मूर्ति को लगाने व स्थापित करने में दिशा-वास्तु का भी ध्यान रखा जा रहा है। सभी प्रतिमाएं मई के मध्य तक स्थापित कर दी जाएंगी। फिर शुभ मुहूर्त पर प्राण प्रतिष्ठा होगी।