अयोध्या। श्रीराम के स्वागत में सजी रामनगरी की आभा सात समंदर पार तक पहुंच रही है। दीपोत्सव देखने के लिए अमेरिका, रूस, ऑस्ट्रेलिया समेत 10 से अधिक देशों के पर्यटक अयोध्या पहुंचे हैं। अब तक करीब 35 विदेशी पर्यटक आ चुके हैं। सात नवंबर को भी और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है। रोशनी से नहाई अयोध्या को देखकर विदेशी पर्यटक मुग्ध हो रहे हैं। वे अभिवादन में राम-राम भी कर रहे हैं।
ऑस्ट्रेलिया निवासी शेन भारत की आध्यात्मिक यात्रा पर निकले हैं। मलेशिया में भारतीय समुदाय के बीच दिवाली की तैयारियां देखकर उन्हें अयोध्या के दीपोत्सव की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने रामनगरी आने का निर्णय लिया। शेन ने बताया कि अयोध्या की सजावट और दीपोत्सव की तैयारियां देखकर वह आश्चर्यचकित हैं।
रूस से आईं निकिता और कीरा भी भारतीय संस्कृति से प्रभावित हैं। वे श्रद्धालुओं के साथ रामधुन गुनगुना रही हैं। दोनों ने अयोध्या को सुंदर शहर बताते हुए यहां के वातावरण को सुकून देने वाला बताया।
नगर निगम और पर्यटन विभाग से अधिकृत ट्रैवल एजेंसी के संचालक प्रमोद मिश्रा ने बताया कि रूस, मैक्सिको, ऑस्ट्रेलिया, अर्जेंटीना, बेलारूस और अमेरिका समेत कई देशों से 18 पर्यटक आ चुके हैं। शनिवार को भी विदेशी पर्यटकों के आने की संभावना है।
व्हीलचेयर से पहुंचीं हीथर
अमेरिका निवासी हीथर एन शारीरिक रूप से अशक्त होने के बावजूद व्हीलचेयर से दीपोत्सव देखने अयोध्या पहुंची हैं। उनके तीन बच्चों का निधन हो चुका है। अब उनका मन भक्ति में रमा है। उन्होंने बताया कि वह सिर्फ दीपोत्सव देखने भारत आई हैं। राम मंदिर में दर्शन कर वह काफी खुश नजर आईं।