मिल्कीपुर। इनायतनगर क्षेत्र के पूरे गंगा दूबे गांव में बृहस्पतिवार शाम गैस रिसाव से आग लग गई। इस घटना में लखन मौर्य और सरवन मौर्य के टिनशेड के मकानों में गृहस्थी का सामान नष्ट हो गया।
यह घटना शाम करीब 7:30 बजे हुई। लखन मौर्य के घर में खाना बनाते समय गैस रिसाव हुआ। आग इतनी तेजी से फैली कि उसने विकराल रूप ले लिया। आग ने सरवन मौर्य के टिनशेड के मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें देख घर में मौजूद लोग बच्चों को लेकर बाहर भागे। कुछ ही देर में गैस सिलिंडरों में धमाके होने लगे। इससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आग की चपेट में मोटरसाइकिल सहित दोनों घरों का पूरा गृहस्थी सामान जलकर राख हो गया।
आग बुझाते समय 28 वर्षीय सरवन मामूली रूप से झुलस गया, जिसे अस्पताल भेजा गया। थानाप्रभारी इनायतनगर रतन कुमार शर्मा ने उच्चाधिकारियों और अग्निशमन विभाग को सूचित किया। फायर ब्रिगेड ने स्थानीय लोगों और पुलिस बल के सहयोग से आग पर काबू पाया। एसडीएम मिल्कीपुर सुधीर कुमार, क्षेत्राधिकारी पीयूष और थाना प्रभारी रतन कुमार शर्मा ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। एसडीएम ने स्थानीय लेखपाल को क्षति का आकलन कर जल्द रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया।