रुदौली। नगर पालिका परिषद रुदौली के चेयरमैन जब्बार अली के खिलाफ अधिशासी अधिकारी (ईओ) प्रेमनाथ की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बोर्ड बैठक के दौरान कहासुनी के बाद ईओ से गाली-गलौज, अभद्रता, धमकी और हाथापाई किए जाने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ईओ की तहरीर के मुताबिक, बुधवार को नगर पालिका अध्यक्ष कक्ष में बोर्ड बैठक चल रही थी। बैठक में कुछ मुद्दों को लेकर चेयरमैन और ईओ के बीच विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि कहासुनी बढ़ने के बाद चेयरमैन ने ईओ के साथ गाली-गलौज की। बैठक में मौजूद सदस्यों के सामने उन्हें धमकाते हुए ठीक कर देने की चेतावनी दी गई। इतना ही नहीं, नगर पालिका कार्यालय में दोबारा दिखाई न देने की बात भी कही गई।
तहरीर में ईओ ने हाथापाई का भी आरोप लगाया है। घटना के बाद विवाद ने तूल पकड़ लिया। ईओ का कहना है कि धमकी के चलते वह अगले दिन कार्यालय नहीं पहुंचे। सीओ अरविंद सोनकर ने बताया कि ईओ की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस घटना के दौरान मौजूद लोगों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
धमकी के बाद कार्यालय नहीं पहुंचे ईओ
ईओ प्रेमनाथ के मुताबिक, चेयरमैन ने उन्हें कथित तौर पर चेतावनी दी थी कि अगले दिन से नगर पालिका कार्यालय न आएं, वरना ठीक नहीं होगा। इसी वजह से वह गुरुवार को कार्यालय नहीं पहुंचे। उन्होंने कहा कि अब चेयरमैन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है और वह शुक्रवार से कार्यालय पहुंचकर अपना काम संभालेंगे।
ईओ के खिलाफ पुलिस ने नहीं दर्ज की रिपोर्ट : चेयरमैन
चेयरमैन जब्बार अली ने बताया कि बुधवार को अधिशासी अधिकारी प्रेमनाथ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दी थी, लेकिन उनकी तहरीर पर ईओ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। पूरे मामले की शिकायत शुक्रवार को डीआईजी, जिलाधिकारी और एसएसपी से की जाएगी। ईओ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए वह हर स्तर पर शिकायत करेंगे।