शहर के गांधीनगर में घर में घुसा बारिश का पानी।
अयोध्या। बारिश ने बृहस्पतिवार को जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। पूरे दिन रिमझिम तो कभी तेज बारिश होती रही। गांधी नगर में बारिश का पानी घरों के अंदर पहुंच गया तो देवकाली स्थित आदर्श पुरम में सीसी रोड ऊंचा और नालियां कचरे से भरी होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो सकी।
गांधी नगर निवासी शियाराम के घर में पानी घुसने से बेड, अलमारी समेत अन्य घरेलू सामान खराब हो गया। उन्होंने बताया कि हर बारिश में घर में पानी घुसता है। पानी की निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से बारिश के बाद घर के अंदर पानी जमा हो जाता है। सियाराम के मुताबिक यदि नालियों की समय से सफाई होती और पानी निकलने की व्यवस्था ठीक होती तो घर में पानी नहीं पहुंचता।
देवकाली के आदर्श पुरम में भी यही स्थिति रही। यहां नालियां कचरे से पटी हैं। स्थानीय निवासी मनोज शुक्ला ने बताया कि नालियों की सफाई नहीं होने से पानी का बहाव रुक जाता है। नालियों के मुकाबले सीसी रोड ऊंची होने से बारिश का पानी नाली में जाने के बजाय आसपास के निचले हिस्सों की ओर बहता है। इससे घरों के आसपास पानी जमा हो जाता है।
रायबरेली रोड स्थित नवीन सब्जी मंडी में भी नालियों की सफाई नहीं होने से बारिश का पानी भर गया। मंडी में सड़क पर जमा गंदे पानी में सब्जियां तैरती दिखाई दीं। राम सजीवन, दिनेश सहित ने दुकानदार ने बताया कि मंडी में हर बारिश के बाद पानी भरने की समस्या सामने आती है। जलभराव के कारण सब्जियों के खराब होने का खतरा रहता है और ग्राहकों को भी परेशानी होती है। मकबरा तिराहे पर बारिश होने से सड़क धस गई, जिससे राहगीरों को आने-जाने में दिक्कत का समना करना पड़ा।