फोटो-29-जनसभा को संबोधित करते मुख्य अतिथि ओमप्रकाश राजभर।
जाना बाजार/ तारुन। भाजपा शासनकाल में भयमुक्त कानून का राज है। गुंडे, माफिया व दंगाई जेल की सलाखों के पीछे हैं। जबकि सपा-बसपा व कांग्रेस की सरकारों में उन्हें बढ़ावा मिलता था। यह बातें सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पंचायतीराज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहीं।
सुभासपा मुखिया शनिवार को कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर कशेरुवा चौराहे पर आयोजित जनसभा को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि विपक्षी की सरकारें पिछड़ी जातियों के वोट लेकर उन्हें केवल कलम की ढक्कन की तरह इस्तेमाल करती आ रही हैं। बताया कि भाजपा की सरकार में रोहिणी आयोग का गठन किया गया है। इससे पिछडों के आरक्षण में जातिवार आरक्षण का बंटवारा हो सकेगा। कहा कि जातिगत गणना एनडीए सरकार में ही हो रही है। जिस दिन रोहिणी आयोग की रिपोर्ट लागू होगी उसी दिन छोटी छोटी जातियों को लाभ मिलेगा। बताया कि कहा कि सरकार 15 लाख परिवारों का विविध योजनाओं से उत्थान कर रही है। कहा कि राम मंदिर, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और सड़कों का चौड़ीकरण विपक्ष को दिखाई ही नहीं दे रहा है।
जनसभा को विशिष्ट अतिथि अमरमणि कश्यप, ओम प्रकाश पाल, जिलाध्यक्ष जेपी सेन, उग्रसेन शर्मा, संतोष दुबे, शंकर शर्मा आदि ने भी संबोधित किया। जनसभा की अध्यक्षता एसपी सिंह नन्द व संचालन रमाकांत शर्मा ने किया। अरविंद मौर्य की टीम ने लोक गीत प्रस्तुत कर वाहवाही लूटी।
यूपी में समय पर होंगे पंचायत चुनाव, अविमुक्तेश्वरानंद पर साधा निशाना
ओमप्रकाश राजभर ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव समय पर होगा। पंचायत चुनाव के लिए मत पत्र छप रहे हैं। पंचायत मतदाता सूची की आपत्तियों का निस्तारण किया जा रहा है। छह मार्च तक एससआईआर का काम पूरा होने के बाद पंचायत चुनाव की तैयारियां जोर पकड़ेंगी। मीडिया से बातचीत में उन्होंने प्रयागराज के शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद विवाद पर भी बयान दिया। मंत्री ने कहा कि कानून किसी को अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। एक तरफ आप कहते हैं कि वीआईपी कल्चर खत्म होना चाहिए और दूसरी तरफ बिना अनुमति के लाव लश्कर लेकर जा रहे हैं, पुलिस का कॉलर पकड़ रहे हैं।