सपा प्रमुख अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को प्रस्तावित अयोध्या दौरे और रामलला के दर्शन की योजना पर 1990 के कारसेवक गोलीकांड के पीड़ित परिवारों ने कड़ी नाराजगी जताई है। कोठारी बंधुओं की बहन सहित अन्य मृतकों के परिजनों ने इसे राजनीतिक दिखावा बताते हुए कहा कि माफी से उनके जख्म नहीं भरेंगे और उनके आने से अयोध्या का माहौल खराब होगा।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
अयोध्या में 1990 में कारसेवकों पर चली गोलियों की गूंज आज भी पीड़ित परिवारों के जेहन में जिंदा है। किसी ने भाई खोया तो किसी ने पति। किसी के सिर से पिता का साया उठ गया। अब सपा मुखिया अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को प्रस्तावित अयोध्या दौरे ने इन परिवारों के पुराने जख्म फिर ताजा कर दिए हैं।
विज्ञापन
सपा मुखिया के रामलला के दर्शन की मंशा पर सवाल उठाते हुए गोलीकांड में मारे गए कारसेवकों के परिजनों ने कहा कि माफी मांगने भर से उस दौर का दर्द नहीं मिट सकता। परिजनों ने सपा मुखिया के प्रस्तावित दौरे पर नाराजगी जताई।
Trending Videos
अखिलेश के आने से अयोध्या का माहौल खराब होगा
गोलीकांड में जान गंवाने वाले अयोध्या निवासी वासुदेव गुप्ता की बेटी सीमा गुप्ता ने कहा कि अखिलेश यादव को अयोध्या नहीं आना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि इस समय राम मंदिर में दर्शन करने के पीछे उनका मकसद क्या है?
सीमा का कहना है कि अखिलेश और उनके पिता की राजनीतिक विचारधारा में कोई अंतर दिखाई नहीं देता। उनके पिता के कार्यकाल में कारसेवकों पर गोलियां चली थीं और अखिलेश भी उसी पार्टी की राजनीति करते रहे हैं। ऐसे में उन्हें माफ नहीं किया जा सकता। उनके आने से अयोध्या का माहौल खराब होगा और रामभक्तों में नाराजगी बढ़ेगी।
राम मंदिर में अखिलेश के आने पर जताई नाराजगी
गोलीकांड में जान गंवाने वाले कोठारी बंधुओं रामकुमार और शरद कोठारी की बहन पूर्णिमा कोठारी का कहना है कि अब माफी मांगने से कुछ नहीं होगा। परिवार ने अपनों को खोया है। उस पीड़ा को भुलाया नहीं जा सकता।
उन्होंने अखिलेश के मंदिर दर्शन पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि राम मंदिर में उनके कदम नहीं पड़ने चाहिए। पूर्णिमा के मुताबिक, मुलायम सिंह यादव और उनकी पार्टी ने लंबे समय तक राम मंदिर आंदोलन का विरोध किया। अब उसी राजनीतिक विरासत से आने वाले अखिलेश का रामभक्त होने का दावा स्वीकार नहीं है।
गोलीकांड में जान गंवाने वाले कारसेवक रमेश पांडेय की पत्नी गायत्री पांडेय के लिए यह विरोध किसी राजनीतिक बयानबाजी से ज्यादा अपने परिवार के उजड़ने की कहानी है। उन्होंने कहा कि कारसेवकों पर हुए गोलीकांड में उनका परिवार तबाह हो गया। पति को खोने के बाद उन्होंने किसी तरह परिवार का पालन-पोषण किया।
ऐसे में माफी भी उनके लिए पर्याप्त नहीं है। गायत्री ने अखिलेश पर रामभक्त होने का दिखावा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पिता की सरकार में जो हुआ, उससे वह खुद को अलग नहीं कर सकते। अखिलेश की राजनीति भी उसी विचारधारा से जुड़ी हुई है।