अयोध्या। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) अवध प्रांत और अयोध्या महानगर की ओर से बृहस्पतिवार को अवध विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद सभागार में ‘क्षितिजा: आंगन से अंतरिक्ष तक’ युवती सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने किया। सम्मेलन का आयोजन 29 जिलों में किया जाएगा, जबकि समापन लखनऊ में होगा।
सम्मेलन में युवतियों की शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, आत्मनिर्भरता, सुरक्षा, सम्मान और नेतृत्व जैसे विषयों पर चर्चा हुई। इस दौरान दो प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए। पहले प्रस्ताव में युवतियों की शिक्षा, स्वास्थ्य और कौशल विकास को सुदृढ़ कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और अर्थव्यवस्था में समान अवसर सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। दूसरे प्रस्ताव में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और नेतृत्व को बढ़ावा देने के साथ उनके लिए गरिमापूर्ण वातावरण बनाने की बात कही गई।
अपर्णा यादव ने कहा कि आज की छात्राएं आंगन से निकलकर अंतरिक्ष तक उड़ान भर रही हैं। विज्ञान, शिक्षा, प्रशासन, खेल, सेना और राजनीति सहित हर क्षेत्र में युवतियां अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। अभाविप अवध प्रांत अध्यक्ष प्रो. नीतू सिंह ने युवतियों से परिवर्तन की नेतृत्वकर्ता बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि परिवार में संस्कार और समाज में नेतृत्व स्थापित करने में युवतियों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
स्वागत समिति की अध्यक्ष जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह ने कहा कि युवतियों के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और सकारात्मक वातावरण बनाना किसी एक संस्था की नहीं, बल्कि सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि प्रो. नीलम पाठक, स्वागत समिति मंत्री बबीता सिंह, अयोध्या महानगर मंत्री जयश्री रावत, राष्ट्रीय कला मंच के अखिल भारतीय प्रमुख अंकित शुक्ला, अवध प्रांत संगठन मंत्री अभिलाष, ज्ञानेंद्र सिंह, कस्तूरी सिंह, डॉ. शीतल कुमारी और लक्ष्मी पांडेय सहित अन्य मौजूद रहे।