अयोध्या। जनसुनवाई में प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण हटाने से लेकर चकमार्ग की पैमाइश, परवाना अमलदरामद के खतौनी में अंकन और गेहूं खरीद से जुड़ी शिकायतों का मौके पर समाधान कराया।
तहसील सदर के ग्राम डाभासेमर में अभियान चलाकर 10 अवैध दुकानें एवं अतिक्रमण हटाए गए, जिससे आवागमन सुचारु हो गया। साथ ही दुकानों के सामने संचालित अवैध होटलों को भी हटाने के निर्देश दिए गए हैं। ग्राम सरायरासी निवासी की चकमार्ग की पैमाइश संबंधी शिकायत पर उपजिलाधिकारी सदर और खंड विकास अधिकारी पूराबाजार की मौजूदगी में राजस्व टीम ने ग्राम प्रधान और ग्रामीणों के साथ चकमार्ग की निशानदेही कर भूमि ग्राम प्रधान को मिट्टी पटाई के लिए सौंप दी।
तहसील मिल्कीपुर के ग्राम मलेथू बुजुर्ग में सरकारी गेहूं क्रय केंद्र पर भूमि सत्यापन से संबंधित शिकायत मिली थी। इस पर उपजिलाधिकारी मिल्कीपुर और जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी ने जांच कर बताया कि संबंधित किसान के नाम 24 क्विंटल गेहूं की खरीद की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिकायतों को लंबित रखना या निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।