अमानीगंज। कुम्हारन टोला निवासी अनिल कुमार ने अपनी बहन के आत्महत्या मामले में आठ माह बाद बहनोई और उनके भाई पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कराया है। बताया कि उनकी बहन ने अपनी ससुराल रौनाही क्षेत्र के करेरू कलवारन का पुरवा में बीते वर्ष 28 दिसंबर को घर के अंदर फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतका के भाई अनिल कुमार ने खंडासा पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि उनकी बहन गुड्डन का विवाह 10 साल पहले दयाचंद्र के साथ हुआ था। विवाह के छह माह बाद से ही दयाचंद्र और उनके भाई रमेश चंद्र छोटी-छोटी बातों को लेकर प्रताड़ित किया करते थे। मायके आने पर बहन इस बारे में बताती थी। प्रताड़ना से तंग आकर उनकी बहन ने 28 दिसंबर 2024 को दिन में दो बजे घर के अंदर फंदे से लटक कर जान दे दी।
बहन के ससुराल वालों ने घटना की जानकारी मायके पक्ष को न देकर बुआ के बेटे को दी। जब परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और पूछताछ करने लगे तो कहा कि ज्यादा पड़ताल मत करो नहीं तो जहां तुम्हारी बहन पहुंची है, वहीं तुम लोगों को भी पहुंचा देंगे। बहन के मरने के सदमे और पिता को हार्ट अटैक आने से मुकदमा दर्ज नहीं करा पाए। भाई की तहरीर पर खंडासा पुलिस ने पति और उसके भाई के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में केस दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र सोनकर ने बताया कि आरोपी पति दयाचंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है।