5-अमानीगंज में लवकुश प्रसंग की प्रस्तुति करते बच्चे
अमानीगंज। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपतराय ने कहा है कि बच्चों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास के लिए शिक्षा का विशेष महत्व है। बच्चे देश का भविष्य हैं। इस वजह से बच्चों को अच्छी और संस्कारवान शिक्षा प्राथमिकता होनी चाहिए। वह गणतंत्र दिवस के अवसर पर अमानीगंज में एक अंग्रेजी स्कूल की आधारशिला रखने के बाद बोल रहे थे। यह विद्यालय पक्का तालाब के पास, चौरासी कोसी परिक्रमा पड़ाव पर स्थित बाबा चतुर गिरीश्वर महादेव मंदिर परिसर में स्थापित किया जाएगा। यहां वर्ष 1978 से बाबा चतुर गिरि बाल विद्या मंदिर संचालित किया जा रहा है। आधारशिला कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधक राधा मोहन सिंह, अध्यक्ष राजपाल सिंह, मंत्री भूपेंद्र प्रताप सिंह बल्ले और संचालक अवनीश कुमार ने महासचिव चंपत राय का स्वागत किया। उन्होंने बच्चों की ओर से प्रस्तुत ''लव कुश'' प्रसंग पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम की सराहना की। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक चंद्रभानु पासवान, अशोक कसौंधन, सहकारी बैंक चेयरमैन धर्मेन्द्र प्रताप सिंह टिल्लू, महेंद्र सिंह गुड्डू, पूर्व प्रधानाचार्य वीके सिंह सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।