सुबह घने कोहरे के बाद दोपहर में धूप निकली तो लता चौक पर उमड़ पड़े श्रद्धालु।
अयोध्या। रामनगरी में शुक्रवार रात से शनिवार सुबह तक घने कोहरे के चलते कई स्थानों पर दृश्यता शून्य तक पहुंच गई। इसके चलते हाईवे और रामपथ समेत अन्य मार्गों पर वाहन रेंगते रहे। दिनभर धूप निकलने से काफी राहत रही। शाम होने के बाद एक बार फिर कोहरे के साथ बर्फीली ठंड का दौर शुरू हो गया।
शुक्रवार रात से शुरू हुआ घने कोहरे का प्रभाव सुबह तक कम नहीं हुआ। ऐसे में कड़ाके की ठंड के बीच दृश्यता के काफी कम हो जाने से आवागमन पर बुरा असर पड़ा। सबसे ज्यादा दिक्कत सुबह के समय स्कूलों के लिए निकले बच्चों को हुई। सड़कों पर स्कूली वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। राम मंदिर भी कोहरे की चादर में लिपटा रहा। सरयू स्नान के बाद मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं को समस्या हुई। इसके बाद भी आस्था प्रवाहमान रही।
यह स्थिति सुबह 10 बजे तक बनी रही। इसके बाद सूर्य ने घने कोहरे की आगोश से निकल कर झांकने का प्रयास शुरू किया। धीरे-धीरे धूप निकल आई और पूरे दिन प्रभाव बनाए रखा। इसके चलते बर्फीली ठंड से हर किसी ने राहत महसूस की। घरों में मौजूद ज्यादातर लोगों ने गलन से बचने के लिए लॉन और छतों पर समय बिताया।
मौसम के इसी उतार-चढ़ाव के बीच अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 19 डिग्री सेल्सियस रहा। शुक्रवार की तुलना में इसमें एक डिग्री की गिरावट आई। न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री कम 4.5 डिग्री सेल्सियस रहा। इसमें एक दिन पहले की तुलना में 0.5 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। उत्तरी-पश्चिमी दिशा में हवा की गति 2.2 किमी प्रति घंटा रही।
कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. सीताराम मिश्र ने बताया कि रविवार काे भी घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। रात में हल्के बादलों के आ जाने से न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोत्तरी हो सकती है। अधिकतम तापमान में फेरबदल के आसार नहीं हैं। कोहरा छटने के साथ दिन में धूप निकलने के आसार हैं।