अयोध्या। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस (डॉक्टर्स डे) पर बुधवार को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की ओर से जिला अस्पताल से मैसोनिक लॉज तक वॉकाथन का आयोजन किया गया। फिट डॉक्टर्स, हेल्दी नेशन थीम पर आयोजित इस पद मार्च में जिले के कई चिकित्सकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकों ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश भी दिया। इसका शुभारंभ विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दिनेश सिंह मार्तोलिया और सीएमओ डॉ. देवेंद्र कुमार भिटौरिया ने हरी झंडी दिखाकर किया। कार्यक्रम में आईएमए के अध्यक्ष डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि फिट डॉक्टर्स, हेल्दी नेशन केवल एक नारा नहीं, बल्कि चिकित्सकों की जिम्मेदारी है। डॉक्टर शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहेंगे, तभी मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं दे सकेंगे। डॉक्टर्स डे हमें सेवा, समर्पण और सामाजिक दायित्वों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करने का अवसर देता है।
वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एसके पाठक ने कहा कि चिकित्सा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। व्यस्त दिनचर्या के बावजूद प्रत्येक चिकित्सक को अपनी फिटनेस का ध्यान रखना चाहिए। वॉकाथन और रक्तदान जैसे आयोजन समाज को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ सेवा भावना को भी मजबूत करते हैं।
इस मौके पर डॉ. वीरेंद्र सिंह, डॉ. रजनीश वर्मा, डॉ. वीरेंद्र वर्मा, डॉ. अनिल जायसवाल, डॉ. विनीत सिंह, डॉ. डीके झा, डॉ. एसएम द्विवेदी, डॉ. निशांत सक्सेना आदि मौजूद रहे।