अयोध्या। जिले के परिषदीय विद्यालयों में नए शैक्षिक सत्र के लिए बुधवार से स्कूल चलो अभियान शुरू हो गया। 15 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य स्कूल से बाहर रह गए प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना और शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना है। अभियान की सफलता के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और विद्यालयों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
अभियान के तहत शिक्षक, शिक्षामित्र और अनुदेशक अपने-अपने विद्यालयों के पोषक क्षेत्र में घर-घर जाकर ऐसे बच्चों का सर्वे करेंगे, जिनका अब तक नामांकन नहीं हुआ है या जिन्होंने बीच में पढ़ाई छोड़ दी है। सर्वे के आधार पर तत्काल नामांकन कराया जाएगा। साथ ही अभिभावकों को बच्चों की नियमित शिक्षा और विद्यालय भेजने के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा।
बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) लालचंद्र ने बताया कि अभियान के दौरान विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, विद्यालय से जुड़ाव और ड्रॉपआउट की संख्या कम करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले का कोई भी बच्चा शिक्षा के अधिकार से वंचित न रहे, इसके लिए सभी पात्र बच्चों का नामांकन सुनिश्चित किया जा रहा है।