सीएचसी बीकापुर का निरीक्षण करते सीएमओ।
बीकापुर। स्थानीय सीएचसी का शनिवार को सीएमओ देवेंद्र कुमार भिटौरिया ने औचक निरीक्षण किया। उन्हें अस्पताल में सबकुछ ठीक मिला। हालांकि, 10 माह से ड्यूटी पर नहीं पहुंचे गाइनो सर्जन जितेंद्र पांडेय को उन्होंने नोटिस देने का निर्देश दिया।
सीएमओ ने करीब दो घंटे तक अस्पताल के विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया। इसमें अटेंडेंस रजिस्टर, दवा वितरण कक्ष और ओटी शामिल थे। उन्होंने लेबर रूम, इमरजेंसी, ओपीडी और प्रसूता वार्ड का भी जायजा लिया। उहोंने दवा भंडारण कक्ष में दवाओं के रखरखाव को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। सिजेरियन ऑपरेशन की संख्या बढ़ाने पर संतोष जताया। सीएमओ ने बताया कि भर्ती वार्ड में अभी 30 बेड हैं, जिसे शीघ्र ही 50 बेड का किया जाएगा। इसके लिए कार्य योजना और भूमि चिह्नित हो चुकी है। इस दौरान अधीक्षक अंशुमन यादव भी मौजूद रहे। सीएमओ ने चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मियों के आवासीय परिसर की रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश भी दिया। उन्होंने आवासीय परिसर के जीर्णोद्धार की रिपोर्ट मांगी। स्थानांतरित या सेवानिवृत्त कर्मियों से आवास खाली कराने को कहा।