गोसाईगंज। गोसाईगंज रेलवे स्टेशन पर अब रेल यात्रियों को अपने कोच की तलाश में इधर-उधर भटकना या भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी। स्टेशन पर जल्द ही ट्रेन इंक्वायरी डिस्प्ले के साथ कोच डिस्प्ले की सुविधा शुरू की जाएगी। इससे यात्रियों को ट्रेन आने से पहले ही अपने कोच की सही स्थिति की जानकारी मिल सकेगी। इससे उन्हें सहूलियत होगी।
यह पहल बुद्धिजीवी समाज के अध्यक्ष जगदीश जायसवाल, सभासद आरती जायसवाल, पवन शर्मा के प्रयासों से संभव हो सकी है। उन्होंने उत्तर रेलवे लखनऊ में तैनात मंडल परिचालन प्रबंधक रजनीश श्रीवास्तव से मुलाकात कर इस संबंध में मांग रखी थी। साथ ही डीसीएम और मंडल संकेतन दूरसंचार मंडल अभियंता को आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र भी सौंपा है। रात के समय स्टेशन के आसपास अंधेरा रहने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। पूर्वी रेलवे क्रॉसिंग से पश्चिमी रेलवे क्रॉसिंग के बीच पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण रात में आने-जाने वाले यात्रियों को चोटिल होने और असुरक्षा की आशंका बनी रहती है।
इस समस्या को देखते हुए दोनों ओर बिजली के पोल लगाकर हाईमास्ट लाइट लगाने की मांग भी की गई है। स्टेशन पर कोच डिस्प्ले और ट्रेन इंक्वायरी डिस्प्ले की सुविधा न होने के कारण यात्रियों को ट्रेनों की जानकारी लेने के लिए स्टेशन मास्टर कक्ष तक जाना पड़ता है। वहीं ट्रेन आने के बाद स्लीपर, जनरल और एसी कोच खोजने में यात्रियों को काफी परेशानी होती है। कई बार भीड़ और भागदौड़ के कारण कुछ यात्री अपने निर्धारित कोच तक नहीं पहुंच पाते और उनकी ट्रेन छूट जाती है।