अयोध्या। डाभासेमर स्टेडियम में मंगलवार से शुरू हुई होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा में अव्यवस्थाओं ने अभ्यर्थियों को बेहाल कर दिया। दूरदराज से तड़के पहुंचे अभ्यर्थियों को प्रवेश और दौड़ के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। कई अभ्यर्थियों ने स्टेडियम में पीने के पानी की उचित व्यवस्था न होने और नलों से गंदा पानी आने की शिकायत की।
शौचालय की व्यवस्था भी पर्याप्त नहीं होने का आरोप लगाया। अभ्यर्थियों का कहना था कि परीक्षा के लिए सुबह पहुंचने के बाद भी कई घंटे तक उनका नंबर नहीं आया। होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा मंगलवार से 22 सितंबर तक चलेगी।
सात दिनों में प्रतिदिन करीब 1050 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। पुरुष अभ्यर्थियों को 4.8 किलोमीटर की दौड़ 28 मिनट और महिला अभ्यर्थियों को 2.4 किलोमीटर की दौड़ 16 मिनट में पूरी करनी है। परीक्षा के लिए स्टेडियम में 400 मीटर का ट्रैक तैयार किया गया है।