अयोध्या। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक मंडलायुक्त राजेश कुमार ने की। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर प्रदर्शित योजनाओं की प्रगति शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को नियमित निगरानी कर कार्यों में अपेक्षित सुधार लाने को कहा। जल जीवन मिशन की समीक्षा में सुल्तानपुर में कार्यों में तेजी लाने और लापरवाही बरतने वाली कार्यदायी संस्थाओं पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पर्यटन विभाग, आईसीडीएस पोषण अभियान, प्रोजेक्ट अलंकार और पीडब्ल्यूडी के सेतु निर्माण एवं नई सड़कों के कार्यों की प्रगति बढ़ाने को कहा गया। अंबेडकरनगर और अमेठी में धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कारणों की समीक्षा कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
राजस्व विभाग में थाना और ग्राम स्तर पर विशेष अभियान चलाकर थाना दिवस में प्राप्त शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने को कहा गया। फार्मर रजिस्ट्री में अयोध्या की प्रगति संतोषजनक पाई गई, जबकि सुल्तानपुर को प्रगति बढ़ाने के निर्देश मिले। बैठक में निराश्रित गोवंश संरक्षण, वृहद गोसंरक्षण केंद्रों की स्थापना और चारा विकास जैसे पशुपालन विभाग के कार्यों की समीक्षा हुई। बैठक में अपर आयुक्त अजयकांत सैनी, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आदित्य अग्रवाल सहित मंडल के सभी जनपदों के जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।