अयोध्या। मंडलायुक्त राजेश कुमार ने आयुक्त सभागार में मंडल स्तरीय अनुश्रवण मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने निराश्रित गोवंशों के संरक्षण और प्रबंधन पर महत्वपूर्ण निर्देश दिए। भूसा टेंडर की समीक्षा में अंबेडकरनगर जनपद में 700 रुपये प्रति कुंतल के मानक से अधिक 947 रुपये प्रति कुंतल पर टेंडर पाया गया। इस पर मंडलायुक्त ने न्यूनतम दर पर रिटेंडर कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने सभी गोआश्रय स्थलों में पर्याप्त भूसे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय किसानों से न्यूनतम दर पर भूसा क्रय कर भंडारण करने को कहा। 31 मई 2026 तक भूसा दान/क्रय अभियान चलाने और गोचर भूमि पर मनरेगा के सहयोग से नैपियर घास का रोपण कर हरा चारा उत्पादन बढ़ाने पर भी जोर दिया गया, ताकि पशुओं में 44 फीसदी पोषण की कमी दूर हो।
मंडलायुक्त ने सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गोवंश को तत्काल समीपवर्ती गोआश्रय स्थलों में संरक्षित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस योजना में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के तहत पशुपालकों को दिए गए गोवंशों का मासिक सत्यापन 20 से 28 तारीख के बीच पूरा करने को कहा गया। निर्माणाधीन बड़े गोसंरक्षण केंद्रों को तुरंत पूरा कर हैंडओवर करने और उनमें गोवंशों का संरक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। ग्रीष्म ऋतु और लू से बचाव के लिए सभी गोआश्रय स्थलों में तिरपाल, परदा, पुवाल, पंखा जैसी व्यवस्थाएं तत्काल कराने को कहा गया। समस्त मुख्य विकास अधिकारियों को गोआश्रय स्थलों में छायादार वृक्ष लगवाने के निर्देश दिए गए।