अयोध्या। अयोध्या विकास प्राधिकरण की ओर से शहर में 15 जर्जर सड़कों की सूरत बदली जाएगी। इससे इन सभी मार्गाें पर सुगम आवागमन हो सकेगा। रामपथ पर सतरंगी पुल का सुंदरीकरण कराया जाएगा। नयाघाट चौराहा पार्क में वाटर फाउंटेन की भी स्थापना कराई जाएगी। इन सभी कार्यों के लिए टेंडर आमंत्रित कर लिए गए हैं। इसकी प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
एडीए की ओर से 1.77 करोड़ रुपये की लागत से सरयू विहार कॉलोनी की विभिन्न सड़कों और नाली का निर्माण कराया जाएगा। अनिल सरस्वती स्कूल से 14 कोसी परिक्रमा मार्ग तक नाली और सड़क के निर्माण पर 1.84 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। साकेत डेयरी की दाहिनी गली से रामपथ रोड तक 1.37 करोड़ रुपये खर्च कर सड़क और नाली बनवाई जाएगी। 2.37 करोंड़ रुपये की लागत से देवकाली बाईपास से सर्वेश्वरी समूह संस्थान तक सड़क व नाली बनेगी।
टांसपोर्ट नगर से गद्दोपुर मंझवा होते हुए रायबरेली रोड तक बदहाल सड़क के भी अब दिन बहुरेंगे। नाली के साथ इसके निर्माण पर 2.67 करोड़ रुपये खर्च होंगे। टांसपोर्ट नगर से गद्दोपुर मंझवा तक एक अन्य सड़क के निर्माण पर 1.77 करोड़ रुपये खर्च होंगे। कौशलपुरी कॉलोनी फेज-एक चौराहा से खोजनपुर मार्ग तक 2.18 करोड़ रुपये की लागत से सड़क व नाली बनवाई जाएगी। 3.07 करोड़ रुपये की लागत से सिविल लाइन क्षेत्र की विभिन्न सड़कों और नालियों को नए सिरे से बनवाया जाएगा।
इसी कड़ी में जनौरा पक्का तालाब से तिलेादकी नदी तक 2.03 करोड़ रुपये खर्च कर सड़क व नाली बनवाई जाएगी। कैलाशपुरी कॉलोनी की विभिन्न सड़कों के निर्माण पर 59.81 लाख रुपये खर्च होंगे। रामपथ के नियावां चौराहे से आर्य कन्या स्कूल होते हुए रिकाबगंज हनुमानगढ़ी के रामपथ तक बहुप्रतिक्षित सड़क व नाली निर्माण कार्य भी अब संभव हो सकेगा। शहर का यह अति व्यस्ततम मार्ग बुरी तरह से क्षतिग्रस्त है। नाली समेत इसके निर्माण पर 1.28 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
डिफेंस कॉलोनी से रेलवे लाइन तक 1.20 करोड़ की लागत से सड़क और नाली का निर्माण होगा। महोबरा बाईपास से शहनवा होते हुए भीखी का पुरवा तक सड़क बनवाने पर 1.35 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसी तरह सुकन्या देवी स्कूल से स्वयंवर लॉन होते हुए साहबदीन सीताराम स्कूल तक 1.53 करोड की लागत से सड़क और नाली बनवाई जाएगी। साहबगंज-खुर्दाबाद रोड के पास स्टेट बैंक कॉलोनी होते हुए कोहिनूर पैलेस तक 2.01 करोड़ रुपये की लागत से सड़क बनेगी। अयोध्या धाम में धर्मपथ पर सतरंगी पुल और उसके आसपास सुंदरीकरण कार्य पर 17.98 लाख खर्च किए जाएंगे। 36.85 लाख की लागत से नयाघाट चौराहा पार्क में वाटर फाउंटेन की स्थापना करवाई जाएगी।