अयोध्या। रामलला के स्वागत के लिए देशभर में तैयारियां चल रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से अपील की है कि सभी 22 जनवरी को दीपावली से भी बड़े त्योहार के रूप में मनाएं। हर घर में दीप जलाएं। इसको लेकर रामनगरी में भी उत्साह का माहौल है। प्राण प्रतिष्ठा का अवसर जैसे-जैसे करीब आ रहा है, तैयारियां भी तेज होती दिख रही हैं। ऐसे में लोग घरों की साज-सज्जा का सामान खरीदते नजर आ रहे हैं। इन सब के बीच दीपकाें की मांग बढ़ गई है। इस भीषण ठंड में बिना धूप के भी कुम्हारों के चाक लगातार चल रहे हैं।
प्रतिदिन बिक रहे पांच सौ से अधिक दीप मणिपर्वत के पास जयसिंहमऊ में रहने वाले विनोद प्रजापति ने बताया कि बीते एक सप्ताह से प्रतिदिन करीब पांच सौ दीपक बिक रहे हैं। लोग बिना समय नष्ट किए ज्यादा से ज्यादा दीपक खरीद रहे हैं। अयोध्या में करीब 50 परिवार ये काम करते हैं। मौजूदा समय में दीया खरीदने के लिए सभी के पास लोग पहुंच रहे हैं।
मौसम ने बढ़ाए दाम
विनोद ने बताया कि सर्दी के मौसम में दीपक बनाना आसान नहीं होता है। धूप कम रहती है, जिसकी वजह से कच्ची मिट्टी सूखने में अधिक समय लगता है। इसके चलते पहले 100 रुपये में 100 बिकने वाले दीपक मौजूदा समय में 120 से 150 रुपये में बिक रहे हैं। इसके बावजूद लोग जमकर दीपक खरीद रहे हैं।
-फोटो 54 : समाजसेवी दिनेश कौशिक को ध्वजा यात्रा का निमंत्रण देते समिति सदस्य।