अयोध्या। केवल फुटकर विक्रेताओं पर कार्रवाई से अवैध दवा कारोबार पर पूरी तरह अंकुश नहीं लगेगा। ऐसे लाइसेंसधारी थोक विक्रेताओं और सप्लायरों की भी जांच होनी चाहिए, जो नियमों के विपरीत दवाओं की आपूर्ति कर रहे हैं। यह बातें फैजाबाद केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष अवि आनंद ने कार्यकारिणी बैठक में कहीं।
मंगलवार को रिकाबगंज स्थित एक मेडिकल स्टोर में हुई बैठक में दवा कारोबार में नियमों के पालन और अवैध बिक्री पर विस्तार से चर्चा हुई। अध्यक्ष ने कहा कि जनस्वास्थ्य से समझौता नहीं किया जा सकता। संगठन प्रशासन की कार्रवाई में पूरा सहयोग करेगा। महामंत्री आनंद अग्रहरि ने सभी दवा विक्रेताओं से औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम और विभागीय नियमों का पालन करने की अपील की।
बैठक में पारित प्रस्ताव में कहा गया कि बिना लाइसेंस दवा बेचने वालों पर कार्रवाई के साथ ही यह भी देखा जाए कि उन्हें दवाओं की आपूर्ति कहां से हो रही है। वहीं, बैठक में 15 अगस्त को मारवाड़ी सेवा सदन में होने वाले वार्षिक पारिवारिक और सम्मान समारोह की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। इसमें पदाधिकारियों, सदस्यों के हाईस्कूल-इंटर में उत्तीर्ण बच्चों, समाज की प्रतिभाओं और पुराने कर्मचारियों को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया। इस मौके पर कोषाध्यक्ष पंकज श्रीवास्तव, राकेश सोनी, अमित दिवाकर, वीरेंद्र कुमार जायसवाल, राजेंद्र प्रसाद यादव, शमशेर अली, कृष्ण गोपाल कसौधन आदि मौजूद रहे।