अयोध्या। मकबरा स्टेडियम में स्केटिंग खिलाड़ियों के सामने अभ्यास की समस्या लगातार बनी हुई है। खिलाड़ियों के लिए अलग स्केटिंग रिंक की व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें बास्केटबॉल कोर्ट पर अभ्यास करना पड़ रहा है। इससे बेहतर प्रशिक्षण प्रभावित हो रहा है। खिलाड़ियों ने स्टेडियम परिसर में जल्द से जल्द स्केटिंग रिंक बनवाने की मांग की है।
मकबरा स्टेडियम में अभ्यास करने वाले उदयराज, तेजस बारी, वियांश और तेजस्वी समेत कई खिलाड़ी नियमित रूप से स्केटिंग का अभ्यास कर रहे हैं। इन सभी खिलाड़ियों ने प्रदेश स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। इसके बावजूद शहर में स्केटिंग के लिए व्यवस्थित रिंक उपलब्ध नहीं है। खिलाड़ियों को मजबूरी में बास्केटबॉल कोर्ट पर अभ्यास करना पड़ रहा है।
खिलाड़ी उदयराज, सक्षम, शिवन्या सिंह पटेल, संस्कार का कहना है कि बास्केटबॉल कोर्ट की सतह स्केटिंग के अभ्यास के लिए पूरी तरह अनुकूल नहीं है। इससे तकनीकी अभ्यास प्रभावित होता है और प्रतियोगिताओं की तैयारी में भी परेशानी आती है। खिलाड़ियों के अनुसार, यदि उन्हें निर्धारित मानकों के अनुरूप रिंक मिल जाए तो वे प्रदेश स्तर पर और बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं व भविष्य में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए भी मजबूत तैयारी कर सकेंगे।
कोच रविंद्र कुमार ने बताया कि खिलाड़ियों में प्रतिभा की कमी नहीं है। कई खिलाड़ी प्रदेश स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुके हैं और बेहतर प्रदर्शन की क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा कि स्केटिंग के लिए अलग रिंक नहीं होने से खिलाड़ियों की नियमित तैयारी प्रभावित हो रही है। प्रशासन और खेल विभाग को खिलाड़ियों की जरूरत को देखते हुए जल्द रिंक की व्यवस्था करनी चाहिए।