फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दीपोत्सव 2026: गृहमंत्री अमित शाह के आने पर संशय, अयोध्या में इस बार उपराष्ट्रपति करेंगे रामलला का राजतिलक

Tue, 03 Nov 2026 09:55 PM IST
Ishwar Ashish Bhartiya अमर उजाला नेटवर्क, अयोध्या

सार

सात नवंबर को आयोजित होने वाले दीपोत्सव में उप राष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन महर्षि वशिष्ठ की भूमिका में भगवान श्रीराम का राजतिलक करेंगे। अब तक यह परंपरा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ निभाते रहे हैं।
विज्ञापन
उप राष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन करेंगे रामलला का राजतिलक। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रामनगरी अयोध्या में दीपोत्सव के दौरान इस बार त्रेतायुगीन परंपरा का नया दृश्य देखने को मिलेगा। सात नवंबर को आयोजित होने वाले दीपोत्सव में उप राष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन महर्षि वशिष्ठ की भूमिका में भगवान श्रीराम का राजतिलक करेंगे। हालांकि, आयोजन में गृहमंत्री अमित शाह के आने पर संशय बना हुआ है। रामलला का राजतिलक करने की परंपरा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ निभाते रहे हैं, लेकिन इस बार उप राष्ट्रपति राम और माता सीता का राजतिलक कर उनकी आरती उतारेंगे।

विज्ञापन


आयोजन को त्रेतायुगीन स्वरूप देने के लिए पुष्पक विमान के प्रतीक हेलीकॉप्टर से भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के स्वरूपों को लाने की तैयारी है। दीपोत्सव की भव्यता राम की पैड़ी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरी अयोध्या दीपों और रोशनी से जगमगाएगी। राम की पैड़ी के आसपास के भवनों को एक रंग में सजाया जा रहा है। बिजली के खंभों, पुलों, गलियों, मोहल्लों, चौराहों, घाटों और मठ-मंदिरों पर विद्युत सजावट की जा रही है।

शहर के एक पार्क में भव्य रामदरबार आकार ले रहा है। यहां प्रभु श्रीराम माता सीता, अनुजों और हनुमानजी के साथ विराजेंगे। रामदरबार के सामने अतिथियों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। उप राष्ट्रपति, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल समेत विशिष्ट अतिथियों और संत-धर्माचार्यों के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
विज्ञापन


5100 बातियों से जगमग होगा सरयू तट
दीपोत्सव की सबसे आकर्षक झलक सरयू तट पर दिखाई देगी। यहां उप राष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन 5100 बातियों से महाआरती करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी मौजूद रहेंगी। आरती के लिए 30 गुणे 20 वर्गफीट का मंच तैयार किया जा रहा है। सरयू की लहरों पर दीपों का प्रतिबिंब और आसमान में आतिशबाजी की रंगीन छटा दीपोत्सव की भव्यता बढ़ाएगी। इस दौरान 2147 अर्चकों और बटुकों की ओर से सरयू की महाआरती की जाएगी।

Trending Videos
विज्ञापन

घर-घर पहुंचेगा दीपोत्सव का नजारा

दीपोत्सव की भव्यता का साक्षी केवल आयोजन स्थल पर पहुंचने वाला व्यक्ति ही नहीं होगा। शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों पर एलईडी स्क्रीन लगाकर आयोजन का सीधा प्रसारण दिखाने की तैयारी है। अचारी मंदिर, रामपथ, बिड़ला धर्मशाला के सामने, तपस्वी छावनी, रामघाट, कारसेवकपुरम, दंतधावनकुंड, टेढ़ी बाजार, उदया, रानोपाली, अशर्फी भवन, छोटी छावनी, हनुमानगढ़ी, बेनीगंज, साहबगंज, रीडगंज, गुदड़ी बाजार, चौक बाजार, फतेहगंज, मकबरा, नाका चुंगी, प्रयागराज रोड, रायबरेली रोड, देवकाली बाईपास, देवकाली तिराहा, पुष्पराज चौराहा, सिविल लाइन और गांधी पार्क सहित प्रमुख स्थानों पर एलईडी स्क्रीन स्थापित की जाएंगी। अयोध्या कैंट के हनुमानगढ़ी चौराहे पर भी स्क्रीन लगाई जाएगी। कई स्थानों पर स्थायी एलईडी स्क्रीन भी स्थापित हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें