अयोध्या। काशीराम कॉलोनी में बुधवार को हो रही मासूम बच्ची की सौदेबाजी पर सीडब्ल्यूसी (बाल कल्याण समिति) ने सख्त रुख अपनाया है। समिति ने राजस्थान से बाल तस्करी के गिरोह संचालित होने की आशंका जताई है। समिति के अध्यक्ष ने कोतवाली अयोध्या पुलिस को पत्र लिखकर 15 अप्रैल तक जांच आख्या मांगी है।
प्रभारी निरीक्षक को जारी पत्र में समिति के अध्यक्ष सर्वेश अवस्थी ने बताया कि बुधवार को काशीराम कॉलोनी में 20 दिन की बच्ची के सौदेबाजी की सूचना मिली थी। उनके निर्देश पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग और चाइल्ड लाइन की टीम ने रेस्क्यू किया तो इसका खुलासा हुआ था।
बच्ची की जैविक मां ने उसकी मौसी पर बच्ची के सौदेबाजी का आरोप लगाया था। राजस्थान के किसी व्यक्ति से उसके खरीदने की बातचीत चलने की जानकारी मिली थी। बच्ची को वर्तमान में उसकी मां के पास रखा गया है।
उन्होंने बताया कि पूर्व में भी बालिकाओं के राजस्थान से जुड़े लोगों के खरीद-फरोख्त से संबंधित सूचनाएं मिलती रही हैं। इससे राजस्थान में इस तरह के आपराधिक गिरोह के संचालित होने की प्रबल आशंका है। यह बाल दुर्व्यापार की श्रेणी में आता है, जो कि दंडनीय अपराध है। उन्होंने 15 अप्रैल तक मामले की जांच करके कृत कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश दिए है। इसके बाद समिति के स्तर से अग्रिम कार्रवाई का दावा किया है।