फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ayodhya News: ट्रेनों व बसों में उमड़ी भीड़, परेशान हुए श्रद्धालु

Wed, 25 Nov 2026 12:46 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या
विज्ञापन
विज्ञापन
अयोध्या। कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान पर्व के समापन के साथ मंगलवार दोपहर बाद रामनगरी से श्रद्धालुओं की वापसी का सिलसिला शुरू हुआ तो रेलवे स्टेशन से लेकर बस अड्डों तक यात्रियों का दबाव बढ़ गया। सरयू में स्नान और रामलला व हनुमानगढ़ी के दर्शन के बाद घर लौटने की जल्दी में श्रद्धालुओं को आवागमन के साधनों के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ी।
विज्ञापन

अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म यात्रियों से खचाखच भरे रहे तो बस अड्डों और बाईपास पर भी बसों में जगह पाने के लिए मारामारी की स्थिति रही। कई श्रद्धालु घंटों ट्रेन का इंतजार करते दिखे। ट्रेनों में हालात ऐसे रहे कि बैठने की जगह मिलना तो दूर, खड़े होने तक की जगह नहीं बची।
अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर दोपहर बाद से ही यात्रियों की भीड़ लगातार बढ़ती रही। बनारस, लखनऊ, गोरखपुर और पूर्वांचल की ओर जाने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ रही। प्लेटफॉर्म पर यात्रियों का जमावड़ा लगा रहा। ट्रेन के पहुंचते ही उसमें सवार होने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ती। कई श्रद्धालु प्लेटफॉर्म पर घंटों बैठकर अगली ट्रेन का इंतजार करते रहे।
विज्ञापन

ट्रेनों में जगह नहीं मिलने के कारण कुछ यात्री दरवाजों, सीढ़ियों और बाथरूम के आसपास बैठकर सफर करने को मजबूर दिखे। गोरखपुर जाने वाले श्रद्धालु अनिल सिंह ने बताया कि अब बस किसी तरह घर पहुंच जाएं, यही भगवान से प्रार्थना है।

बसों में सवार होने के लिए लगी रही होड़
रेलवे स्टेशन के साथ अयोध्या बाईपास और बस अड्डों पर भी यात्रियों का दबाव बना रहा। परिवहन निगम की बसें यात्रियों से भरकर रवाना होती रहीं, लेकिन अगली बस के पहुंचने से पहले ही उसमें सवार होने के लिए भीड़ जुट जाती। बसों में सीट पाने के लिए यात्रियों के बीच होड़ लगी रही। परिवहन निगम प्रशासन ने परिचालकों को क्षमता से अधिक यात्रियों को न बैठाने के निर्देश दिए थे।

एस्केलेटर पर गिरी वृद्धा, सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत रोका संचालन
अयोध्या। अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को यात्रियों की भीड़ के बीच एस्केलेटर से उतरते समय एक वृद्ध महिला श्रद्धालु का संतुलन बिगड़ गया और वह गिर पड़ीं। अचानक हुई घटना से आसपास मौजूद यात्रियों में अफरातफरी मच गई। मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल एस्केलेटर बंद करा दिया, जिससे महिला गंभीर हादसे का शिकार होने से बच गईं। भीड़ के दबाव और धक्कामुक्की के चलते कुछ अन्य श्रद्धालु भी गिरते-गिरते बचे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें