तारुन में मरीजों की जांच करते डॉक्टर।
बीकापुर/तारुन। मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर हुआ। मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों का निशुल्क जांच व दवाएं दी गईं। कुल 313 मरीजों का जांच के लिए पंजीकरण किया गया।
बीकापुर प्रतिनिधि के मुताबिक पीएचसी चौरे बाजार में चिकित्साधिकारी डॉ. मोहम्मद इरशाद, फार्मासिस्ट कनिक राम चौधरी मौजूद रहे। इस दौरान 37 मरीजों का रजिस्ट्रेशन करके दवा वितरित की गई। अधिकतर मरीज पेट दर्द, डायरिया खुजली, बुखार और मौसमी से पीड़ित थे। वहीं कोछा में डॉ. अंजली गुप्ता, फार्मासिस्ट दुर्गेश पांडेय आदि स्टाफ थे। 32 मरीजों को चिकित्सीय सलाह देने के साथ दवा दी गई।
तारुन प्रतिनिधि के मुताबिक पनभरिया, पछियाना, हैदरगंज एवं विजयनपुर सजहरा पीएचसी पर 202 मरीजों का पंजीकरण किया गया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अंशुमान गुप्ता ने बताया कि मेले में गर्भवती की प्रसव पूर्व जांच, एनीमिया से ग्रसित मरीजों को आयरन सुक्रोज चढ़ाने, टीबी स्क्रीनिंग एवं जांच, एनसीडी स्क्रीनिंग सहित अन्य जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। सभी मरीजों को निशुल्क परामर्श, जांच एवं दवाएं दी गईं। वहीं मसौधा के पीएचसी कनैला में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. दिनेश प्रकाश ने बताया कि मेले में कुल 42 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिनमें 20 महिलाएं, 18 पुरुष तथा 4 बच्चे शामिल रहे। उन्होंने बताया कि अधिकतर मरीज मौसमी बुखार से पीड़ित पाए गए।