अयोध्या। जिले में बृहस्पतिवार को हुई बरसात के बीच बार-बार बिजली ट्रिपिंग ने उपभोक्ताओं को खूब छंकाया। इससे शहर के लालबाग बिजली उपकेंद्र समेत अलग-अलग इलाकों में दिन भर थोड़ी-थोड़ी देर के लिए उपभोक्ताओं को बिजली संकट का सामना करना पड़ा। हालांकि, मौसम नम होने से गर्मी से थोड़ी राहत मिली।
बुधवार की रात से ही जिले के अलग-अलग इलाकों में मध्यम से तेज बारिश हुई। बृहस्पतिवार सुबह भी आसमान में काले बादलों का डेरा रहा और रिमझिम से मध्यम वर्षा होती रही। इसका असर बिजली आपूर्ति पर भी पड़ा। शहर को आने वाली 33 केवी की मेन लाइन में ट्रिपिंग से सुबह आठ बजे ही शहर के लालबाग बिजली उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में आपूर्ति बाधित हो गई।
इस क्षेत्र से जुड़े अश्वनीपुरम कॉलोनी, वजीरगंज जप्ती आदि जगह पर लोगों को तमाम समस्याओं का सामना करना पड़ा। हालांकि, एक घंटे के भीतर ही आपूर्ति बहाल हो गई, लेकिन दोपहर 12 बजे तक फिर चली गई। अश्वनीपुरम कॉलोनी निवासी सुधा ने बताया कि सुबह के काम निपटाने के बाद दोपहर में कपड़ा धुलने लगे तो बिजली चली गई। लगभग एक घंटे बाद बिजली आई तब तक घरेलू कामकाज प्रभावित हुए। इसी तरह शहर के कैंट, चौक, नियांवा, अमानीगंज आदि इलाकों में भी बीच-बीच में ट्रिपिंग होती रही। एसडीओ सिविल लाइन संजय सैनी ने बताया कि मेन लाइन में ट्रिपिंग और बारिश से थोड़ी दिक्कत हुई है। लंबी कटौती किसी क्षेत्र में नहीं हुई।