13- सरयू तट पर तेजी से चल रहा वॉटर शेड व जेटी का निर्माण कार्य- संवाद
अयोध्या। सरयू तट अगले कुछ माह में आस्था के साथ पर्यटन का भी केंद्र बनने जा रहा है। 2.39 करोड़ की लागत से सरयू के घाटों का सुंदरीकरण कराया जा रहा है। सरयू में वॉटर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने की योजना है। इसके लिए वॉटर स्पोर्ट्स रैंप, बोट शेड और जेटी का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। शेष काम मार्च तक पूरा हो जाएगा।
सरयू नदी के किनारों को सुरक्षित, आकर्षक और सुविधाजनक बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बाढ़ के दौरान घाटों को सुरक्षित रखने के लिए मजबूत रिटेनिंग वॉल बनाई जा रही है। इसके साथ ही नई जेटी से पर्यटक नाव पर सरयू नदी की सुंदरता का लुत्फ उठा सकेंगे। करीब 100 फीट लंबी जेटी का निर्माण पूरा हो चुका है। वहीं सरयू तट पर ही बाथिंग कुंड का निर्माण जोरों पर चल रहा है। इस कुंड में बुजुर्गों को स्नान करने की सुविधा मिलेगी। इसका निर्माण भी लगभग 80 फीसदी पूरा हो चुका है।
यूपीपीसीएल के परियोजना प्रबंधक मनोज शर्मा के अनुसार पर्यटन विभाग की योजना है कि सरयू नदी में स्पीड बोट, बोट राइड जैसी जल गतिविधियों की शुरुआत की जाए। इसके लिए प्रशिक्षित लाइफगार्ड, विशेषज्ञ कोच और सुरक्षा टीम तैनात की जाएगी। सभी गतिविधियों में अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। निर्माण कार्य में उच्च गुणवत्ता वाली कंक्रीट और आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है ताकि यह संरचनाएं लंबे समय तक टिकाऊ रहें। पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए नदी की जैव-विविधता को सुरक्षित रखने के लिए विशेषज्ञों की सलाह ली जा रही है।