अयोध्या। कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले अखिलेश कुमार सिंह ने विनीत सिंह पर फोन पर गाली देने, जान से मारने की धमकी देने और हमला करने की कोशिश का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अखिलेश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने मित्र उपेंद्र सिंह निवासी सरस्वती पुरम कॉलोनी फेस-2 बड़ी देवकाली के साथ रहते हैं। आरोप है कि विनीत सिंह उर्फ सिंपल सिंह निवासी अबू सराय आए दिन फोन पर दोनों को गाली देता है और जान से मारने की धमकी देता है। पीड़ित का कहना है कि आरोपी पहले भी उन पर हमला कर चुका है। तहरीर के अनुसार, चार सितंबर की सुबह करीब 4:30 बजे आरोपी ने अखिलेश के छोटे भाई अमित सिंह के व्हाट्सएप नंबर पर एक वीडियो भेजा। आरोप है कि वीडियो में वह तलवार दिखाते हुए उपेंद्र सिंह को मारने की बात कह रहा है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक पवन कुमार को सौंपी है।