अयोध्या। अवध विश्वविद्यालय के आवासीय परिसर स्थित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई प्रथम के सात दिवसीय विशेष शिविर के पांचवें दिन विभिन्न शैक्षिक व जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्राथमिक विद्यालय डाभासेमर में विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगिताएं आयोजित कराई गईं।
इस दौरान कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों के बीच निबंध लेखन प्रतियोगिता और कक्षा दो से पांच तक के विद्यार्थियों के बीच चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के आधार पर पुरस्कृत भी किया गया। बौद्धिक सत्र में जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग के सहायक आचार्य क्षितिज द्विवेदी ने डिजिटल मीडिया के युग में युवाओं के सामने आने वाली चुनौतियों पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि युवाओं को उपयोगी और ज्ञानवर्धक कंटेंट तैयार करने पर ध्यान देना चाहिए तथा उद्देश्य विहीन स्क्रोलिंग से बचना चाहिए। उन्होंने डिजिटल साक्षरता को वर्तमान समय की आवश्यकता बताया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार सिंह ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ विषय पर स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए इसके उद्देश्य और महत्व की जानकारी दी। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, स्वयंसेवक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।