अयोध्या। साइबर ठगों ने एक व्यक्ति के बैंक खाते से तीन लाख रुपये उड़ा दिए। पीड़ित के मोबाइल फोन पर इसका कोई संदेश भी नहीं मिला। उसने मोबाइल फोन हैक करके ठगी की आशंका जताई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करके छानबीन शुरू की है।
एफआईआर में शहर के सिविल लाइंस निवासी प्रदीप सिंह ने बताया है कि भारतीय स्टेट बैंक में उनका बैंक खाता संचालित है। 25 जनवरी को उनके बैंक खाते से आरटीजीएस के माध्यम से तीन लाख रुपये बिना उनकी जानकारी व अनुमति के किसी अन्य के खाते में ट्रांसफर कर दिए गए। उन्होंने किसी को ओटीपी, पिन, पासवर्ड या बैंक से संबंधित कोई जानकारी नहीं दी है। उन्होंने नगर कोतवाली में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की थी, कार्रवाई न होने पर एसएसपी को शिकायती पत्र दिया है।
इंस्पेक्टर अश्विनी पांडेय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करके मामले की छानबीन की जा रही है। दोनों बैंक खातों का विवरण खंगाला जा रहा है। आमजन से अपील है कि मोबाइल फोन पर आई किसी एपीके फाइल पर बिना पड़ताल के क्लिक न करें। ऐसा करने पर अक्सर मोबाइल फोन हैक कर लिया जाता है, जिसके बाद ठग को ओटीपी की जरूरत नहीं होती है। मोबाइल फोन गुम होने पर तुरंत सिमकार्ड ब्लॉक करवाकर नया सिमकार्ड जारी कराएं। इससे भी यूपीआई के जरिये साइबर ठग धनराशि निकाल लेते हैं। जागरूकता ही साइबर ठगी से बचने का मूलमंत्र हैं।