फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ayodhya News: युवाओं के लिए संजीवनी साबित हो रही सीएम युवा योजना

Sun, 18 Jan 2026 08:04 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या
विज्ञापन
16-मनीष कुमार गौड़
विज्ञापन
अयोध्या। बेरोजगार युवाओं के लिए मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा योजना) संजीवनी साबित हो रही है। इस योजना ने युवाओं को स्वरोजगार की दिशा में मजबूत कदम उठाने का अवसर प्रदान किया है। अयोध्या इस योजना के लाभ उठाने में अव्वल रहता आया है, जहां बड़ी संख्या में युवा अपना व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भर बन रहे हैं।
विज्ञापन

वित्तीय वर्ष 2025-26 में 2200 युवाओं को उद्यम स्थापित करने के लिए ऋण उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस योजना के अंतर्गत अब तक जिले में 4607 युवाओं ने आवेदन किया है। इनमें से 3520 आवेदन विभिन्न बैंकों को प्रेषित किए जा चुके हैं। 1400 उद्यमियों के ऋण स्वीकृत हो चुके हैं, जबकि 1360 युवाओं को उद्योग स्थापित करने के लिए पांच लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जा चुका है। बैंक स्तर पर कुछ प्रकरणों में दस्तावेजी औपचारिकताओं के कारण प्रक्रिया में समय लग रहा है।



मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना अयोध्या के युवाओं के लिए आर्थिक सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता की मजबूत नींव रख रही है। यह योजना न केवल युवाओं को आत्मनिर्भर बना रही है, बल्कि जिले को उद्यमिता के नए केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में भी तेजी से आगे बढ़ रही है। योजना के माध्यम से जिले के किसी युवा ने आधुनिक रेस्टोरेंट खोलकर स्थानीय व्यंजनों को नई पहचान दी तो किसी ने अत्याधुनिक स्टूडियो स्थापित कर डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा दिया। कुछ युवा ब्यूटी पार्लर, मोबाइल रिपेयरिंग, फूड ट्रक और छोटे विनिर्माण इकाइयों से जुड़े हैं। इन उद्यमों से न केवल युवा स्वयं आत्मनिर्भर हुए हैं, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं।
विज्ञापन


बोले लाभार्थी दोगुनी हो गई मासिक आय

चौक निवासी महिला टेलर मालती ने बताया कि पहले उनके पास केवल एक सिलाई मशीन थी। योजना के तहत दो लाख रुपये का ऋण मिलने के बाद उन्होंने चार नई सिलाई मशीन और कपड़ा खरीदा, जिससे उनके सिलाई सेंटर का काम तेजी से आगे बढ़ा। पहले जहां उनकी मासिक आय लगभग पांच हजार रुपये थी, वहीं अब वह करीब 15 हजार रुपये प्रतिमाह कमा रही हैं।



मया बाजार की रहने वाली सोनी वर्मा ने बताया कि उन्होंने कुल 10 लाख रुपये की लागत से रस्सी बनाने की रोप मशीन खरीदी। इसमें योजना के तहत मिले पांच लाख रुपये और स्वयं के पांच लाख रुपये लगाकर उन्होंने फरवरी, 2025 में काम शुरू किया था। इस इकाई से उन्हें वर्तमान में प्रतिमाह लगभग 10 हजार रुपये की आय हो रही है।



दर्शन नगर में मंडलीय अस्पताल के पास रेस्टोरेंट संचालित करने वाले मनीष कुमार गौड़ ने बताया कि जुलाई, 2025 में योजना से पांच लाख रुपये का ऋण मिला, जिससे उन्होंने रेस्टोरेंट के लिए आवश्यक बर्तन, म्यूजिक सिस्टम, टीवी, फ्रिज सहित अन्य जरूरी सामान खरीदे। इससे रेस्टोरेंट की सुविधाएं बेहतर हुई और ग्राहकों की संख्या बढ़ी। योजना से पहले उनकी मासिक आय करीब 25 हजार रुपये थी, जो अब बढ़कर 50 हजार रुपये तक पहुंच गई है।

देवकाली बाईपास स्थित बायो लेगेसी इंस्टीट्यूट के संचालक विवेक प्रकाश मौर्य ने बताया कि योजना के तहत जुलाई, 2025 में मिले 3.40 लाख रुपये के ऋण से उन्होंने अत्याधुनिक स्टूडियो तैयार किया, जिससे अब दूरदराज के गांवों के बच्चों को घर बैठे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल रही है।



उपायुक्त उद्योग अमरेश कुमार पांडेय ने बताया कि जिला प्रशासन और उद्योग विभाग की ओर से जागरूकता शिविरों और कार्यशालाओं के माध्यम से युवाओं को योजना की जानकारी दी जा रही है। योजना ने यहां के युवाओं के सपनों को पंख दिए हैं और रामनगरी को उद्यमिता का नया केंद्र बनाने में योगदान दे रही है।

16-मनीष कुमार गौड़

16-मनीष कुमार गौड़

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें