अयोध्या। पौधरोपण अभियान का शुभारंभ करने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर अयोध्या पहुंचे। मुख्यमंत्री को रामकथा पार्क स्थित हेलीपैड पर उतरना था, लेकिन भारी बारिश के चलते उनका हेलीकाॅप्टर एयरपोर्ट पर उतारा गया। इसके बाद सीएम सबसे पहले अयोध्या धाम पहुंचे और बजरंग बली के दरबार में आस्था अर्पित कर प्रदेश की सुख-शांति की कामना की। इसके बाद सीएम योगी ने रामलला के दरबार में हाजिरी लगाई, राजा राम आरती की।
योगी ने परिसर की परिक्रमा कर राम मंदिर निर्माण की प्रगति का जायजा लिया। राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, डॉ. अनिल मिश्र व गोपाल राव ने उन्हें निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति और आगामी योजनाओं से अवगत कराया। सीएम ने दर्शन-पूजन के बाद निकलते समय श्रद्धालुओं का अभिवादन भी स्वीकार किया। बता दें कि मुख्यमंत्री योगी इससे पहले पांच जून को राम दरबार के उद्घाटन के अवसर पर यहां आए थे।