अयोध्या। रंगों के महापर्व होली को हर्षोल्लास और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर को स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। निगम क्षेत्र के सभी 60 वार्डों में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश और जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। 485 होलिका दहन स्थल चिह्नित किए गए हैं। इन सभी स्थानों पर सफाईकर्मियों की तैनाती कर दी गई है।
साथ ही, शहर की सड़कों पर आवागमन सुगम बनाने के लिए पैचवर्क का कार्य कराया जा रहा है। नालों की सफाई और मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया गया है। मच्छरों के प्रकोप को रोकने के लिए एंटी लार्वा छिड़काव और फॉगिंग तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य बाजारों, बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, मठ-मंदिरों तथा सांस्कृतिक व पर्यटन स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है।
नगर आयुक्त ने बताया कि जहां-जहां होलिका दहन होगा, वहां पानी की समुचित व्यवस्था की जाएगी। बड़े स्थलों पर पानी के टैंकर भी लगाए जाएंगे, जिससे किसी अप्रिय स्थिति में आग पर तुरंत काबू पाया जा सके। सभी स्थलों पर सफाईकर्मियों की तैनाती की गई है। बिजली विभाग को पत्र भेजकर दहन स्थलों के आसपास बिजली के तारों को व्यवस्थित करने के लिए कहा गया है।
महापौर गिरीशपति त्रिपाठी ने बताया कि होली आपसी भाईचारे और उल्लास का पर्व है। निगम की प्राथमिकता है कि शहरवासियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिले। सभी पार्षदों और अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वह अपने-अपने वार्ड में व्यवस्थाओं की सतत निगरानी रखें, जिससे पर्व शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।