अयोध्या। चौदहकोसी और पंचकोसी परिक्रमा में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर निगम ने 1500 सफाई कर्मचारियों की तैनाती की है। घाटों से लेकर परिक्रमा मार्गों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों तक स्वच्छता की जिम्मेदारी इन कर्मचारियों के पास रहेगी। पेयजल, शौचालय और विश्राम की व्यवस्था भी की गई है।
नगर निगम ने विभिन्न स्थलों और घाटों पर 471 बायो टॉयलेट और 30 मोबाइल टॉयलेट स्थापित किए हैं। सार्वजनिक और सामुदायिक शौचालयों को भी उपयोग के लिए तैयार रखा गया है। पेयजल के लिए 40 वाटर टैंकर लगाए गए हैं। इसके अलावा अयोध्या धाम में 48 और कैंट में 37 वाटर कूलर व 25 वाटर कियोस्क स्थापित किए गए हैं।
सरयू तट पर महिलाओं के लिए नौ स्थायी और 136 अस्थायी चेंजिंग रूम की निशुल्क सुविधा दी गई है। परिक्रमा मार्गों पर लगाए गए शिविरों में रोशनी, बैठने और पेयजल का इंतजाम किया गया है। घाटों पर विद्युत पोलों को प्लास्टिक कवर से सुरक्षित किया गया है।
अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव ने बताया कि बस, रेलवे स्टेशन, धर्मशालाओं, रेस्टोरेंट व होमस्टे में भी सफाई की व्यवस्था की गई है। फुटपाथों से अतिक्रमण हटाया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। व्यवस्था की निगरानी के लिए अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।