फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ayodhya News: चार फीट की बात कहकर गिरा दिया पूरा मकान

Mon, 21 Sep 2026 11:55 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या
विज्ञापन
26-नाका-जनौरा मार्ग पर चौड़ीकरण की जद में आ रहे भवनों को गिराने के बाद मलबा हटाती जेसीबी।-संवाद
विज्ञापन
अयोध्या। चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग चौड़ीकरण के लिए जनौरा नाका पर रविवार को हुई ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के बाद विवाद गहरा गया है। करीब 11 मकान-दुकानें गिराए जाने के बाद सोमवार सुबह प्रशासन ने मलबा हटाने का काम शुरू कराया। इसके लिए करीब 10 डंपर लगाए गए। प्रभावित परिवारों ने आरोप लगाया कि उन्हें केवल चार फीट तक जगह खाली कराने की बात बताई गई थी, लेकिन बाद में पूरे मकान गिरा दिए गए। उनका कहना है कि सामान निकालने के लिए पर्याप्त समय भी नहीं दिया गया।
विज्ञापन


प्रभावित लोगों के मुताबिक, कार्रवाई में एसी, पंखे, कंप्यूटर, कार और शादी का सामान समेत घर-गृहस्थी का काफी सामान मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया। उनका कहना है कि कुछ परिवार लंबे समय से यहां रह रहे थे। कार्रवाई के बाद उनकी पूरी गृहस्थी खुले में आ गई है।

स्थानीय लोगों ने कार्रवाई को एकतरफा बताते हुए कहा कि सड़क के मध्य बिंदु से नाप के आधार पर दोनों तरफ समान कार्रवाई होनी चाहिए थी। आरोप लगाया कि सामने नजूल की जमीन होने के बावजूद वहां कार्रवाई नहीं की गई। प्रभावित परिवारों ने मुआवजा देने और रहने की व्यवस्था कराने की मांग की है। मांग पूरी न होने पर धरने पर बैठने की चेतावनी दी है। सोमवार को भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व पार्षद अशोका द्विवेदी, मंडल उपाध्यक्ष पूजा रावत समेत अन्य पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात की।
विज्ञापन




रोहित यादव ने बताया कि करीब 11 मकान गिराए गए हैं, जिनमें 10 दुकानें भी थीं। चार फीट जगह खाली कराने की बात कही गई थी, लेकिन पूरा मकान गिरा दिया गया। सामान निकालने के लिए करीब आधे घंटे का समय मिला। मिथलेश ने आरोप लगाया कि सड़क के मध्य बिंदु से नाप के बावजूद एक तरफ कार्रवाई की गई और पर्याप्त समय नहीं दिया गया। प्रीती ने बताया कि नवंबर में बेटे की शादी है और शादी का सामान मकान में रखा था, जो मलबे में दब गया। अशोका द्विवेदी ने प्रभावित परिवारों के लिए रहने की व्यवस्था कराने की मांग की। पूजा रावत ने भी मुआवजा देने की मांग की।

जिलाधिकारी ने गठित की जांच कमेटी

प्रभावित लोगों का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, रामचंद्र यादव और महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव के नेतृत्व में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी से मिला। कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में लोगों ने चौड़ीकरण की कार्रवाई से जुड़ी शिकायतें रखीं। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने बताया कि शिकायतें और आरोप सुनने के बाद जिलाधिकारी ने तत्काल जांच कमेटी गठित कर दी है। कमेटी पूरी कार्रवाई के हर पहलू की जांच करेगी। इसकी निगरानी स्वयं जिलाधिकारी करेंगे। इस दौरान मंडल अध्यक्ष हेमंत जायसवाल, रवि सोनकर, शैलेंद्र कोरी और हरभजन गौड़ समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

26-नाका-जनौरा मार्ग पर चौड़ीकरण की जद में आ रहे भवनों को गिराने के बाद मलबा हटाती जेसीबी।-संवाद

26-नाका-जनौरा मार्ग पर चौड़ीकरण की जद में आ रहे भवनों को गिराने के बाद मलबा हटाती जेसीबी।-संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें