अयोध्या। साहबगंज स्थित सीतापुर आई अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन 300 बेड के अस्पताल का मंगलवार को पीएमजीएसवाई, प्रयागराज के मुख्य अभियंता सतीश चंद्रा ने निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण स्थल पर चल रहे कार्यों की प्रगति देखी और संबंधित अधिकारियों से परियोजना की स्थिति की जानकारी ली।
करीब 163.71 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अस्पताल को शासन से जून 2025 में मंजूरी मिली थी। 28 जून को परियोजना के लिए 48 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी की गई थी। करीब दो एकड़ क्षेत्र में अस्पताल का निर्माण ईपीसी मोड पर कराया जा रहा है। परियोजना में अस्पताल भवन के साथ चिकित्सकों और कर्मचारियों के आवास भी शामिल हैं।
अस्पताल में ओपीडी, इमरजेंसी, आईसीयू, एसएनसीयू, एमएनसीयू और एनआईसीयू समेत कई चिकित्सा सुविधाएं प्रस्तावित हैं। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता ने निर्माण कार्य को निर्धारित समय में पूरा करने के साथ गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।