अयोध्या। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाड़ियों ने अयोध्या पहुंचकर रामलला व हनुमंतलला के दरबार में हाजिरी लगाई। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में सोमवार को लखनऊ सुपर जायंट्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मैच होना है। मैच से पहले चेन्नई के खिलाड़ियों ने अयोध्या आकर रामलला व बजरंगबली से जीत का आशीर्वाद लिया।
रविवार सुबह 11 बजे चेन्नई सुपर किंग्स के मैनेजिंग डायरेक्टर केएस विश्वनाथन टीम के साथ अयोध्या पहुंचे। टीम के कप्तान ऋतुराज गायकवाड अपने परिवार के साथ पहुंचे थे। इसके अलावा टीम के खिलाड़ी रामाकृष्णा घोष और विजय शंकर भी साथ रहे। खिलाड़ियों ने अयोध्या में करीब 40 मिनट बिताए। सबसे पहले खिलाड़ियों ने हनुमंतलला के दरबार में हाजिरी लगाई। यहां करीब 10 मिनट तक पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद लिया। पुजारियों ने माला पहनाकर व प्रसाद देकर खिलाड़ियों का अभिनंदन किया।
इसके बाद खिलाड़ी रामलला के दरबार पहुंचे। रामलला की भव्यता देखकर खिलाड़ी निहाल हो उठे। यहां करीब 20 मिनट तक दर्शन-पूजन के बाद सभी खिलाड़ी लखनऊ के लिए रवाना हुए। खिलाड़ियों को राममंदिर की विशेषताओं की जानकारी दी गई। टीम के मैनेजिंग डायरेक्टर केएस विश्वनाथन ने कहा-राममंदिर अद्भुत है। दर्शन कर बहुत ही अच्छा महसूस हो रहा है। हमें खुशी है कि यहां आने का मौका मिला।