चौदहकोसी परिक्रमा पथ की धंसी सड़क।
- फोटो : चौदहकोसी परिक्रमा पथ की धंसी सड़क।
अयोध्या। चौदहकोसी परिक्रमा मार्ग साकेत सदन के पास अचानक धंस गया। इसकी वजह सीवर लाइन निर्माण कार्य में लापरवाही बताई जा रही है। सड़क धंस जाने से मार्ग पर घंटों तक आवागमन बाधित रहा। जहां सड़क धंसी है, उस स्थल की बैरिकेडिंग कर आवागमन दूसरी लेन से शुरू कराया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार परिक्रमा मार्ग का निर्माण हुए कुछ ही माह हुए थे, लेकिन सीवर लाइन डालते समय हुई तकनीकी और संरचनात्मक लापरवाही के चलते सड़क अचानक धंस गई। घटना के बाद संबंधित निर्माण एजेंसी हरकत में आई और क्षतिग्रस्त हिस्से को बैरिकेड कर मरम्मत कार्य शुरू किया गया। सड़क धंसने से क्षेत्र में आवाजाही प्रभावित हो गई और राहगीरों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना पड़ा।
पीडब्लूडी निर्माण खंड तीन के अभियंता एसपी सिंह ने बताया कि जिस जगह पर सड़क धंसी है वहां जलनिगम ने अपना मैनहोल बना रखा है। उसी के नीचे सीवर लाइन गई है, जिसकी पाइप धंस गई, उसका असर सड़क के ऊपर भी हुआ है। जलनिगम को सूचना दे दी गई है, उनकी टीम समस्या को दूर करने में लग गई है। अभी उस स्थल को बैनिकेडिंग कर आवागमन चलाया जा रहा है।