रुदौली। विधायक रामचंद्र यादव के वीडियो को एडिट कर फेसबुक पर पोस्ट करने के मामले में पुलिस ने अमरजीत सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। महमूदपुर निवासी राजेश कुमार ने तहरीर में बताया है कि चार अक्तूबर को रुदौली तहसील सभागार में प्रशासन व केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति की बैठक विसर्जन को लेकर हुई थी। इसकी अध्यक्षता विधायक ने ही की थी।
आरोप है कि बैठक का वीडियो अमरजीत सिंह ने फेसबुक पर पोस्ट किया। वीडियो में छेड़छाड़ कर विधायक के दृश्य पर दिल का चिह्न लगाया गया। वीडियो के संबंध में पूछने पर अमरजीत सिंह ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। सीओ अरविंद सोनकर ने बताया कि राजेश कुमार की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। (संवाद)