मिल्कीपुर। अदालत के आदेश पर पुलिस ने सात नामजद व चार अज्ञात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला और महिला से अभद्रता करने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। खंडासा के भवन नगर गांव निवासी आलोक पांडेय ने एसीजेएम द्वितीय न्यायालय में प्रार्थना पत्र देते हुए आरोप लगाया कि वह पिछले साल 22 अगस्त को गांव के राम अचल गुप्त के यहां निमंत्रण में गए थे।
इसी दौरान पवन पांडेय खुद के साथ राम दयाल पांडेय, विशाल पांडेय, अजय पांडेय व श्रवण पांडेय के खिलाफ दर्ज कराए गए मुकदमे में सुलह समझौता करने का दबाव बनाने लगे। मना करने पर उसी दिन शाम को वह विशाल, श्रवण, अजय, राधेराम, दुर्गा प्रसाद व अनिल तिवारी चार अज्ञात लोगों के साथ उनके घर पहुंचे। गालियां देते हुए पीटना शुरू कर दिया। पवन पांडेय ने जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर कर दिया। वह जान बचाकर घर के अंदर भागे तो सभी लोग अंदर घुस गए और मारते हुए घर से बाहर लाए। पत्नी से अभद्रता की। जब तक गांव के लोग पहुंचे, तब तक विपक्षी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। प्रार्थना पत्र की सुनवाई करते हुए एसीजेएम द्वितीय न्यायालय ने सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश थाना खंडासा पुलिस को दिया। थाना प्रभारी खंडासा संदीप सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर प्रकरण की विवेचना की जा रही है।