48-बीकापुर के बिलारी माफी तिराहे पर फायरिंग के बाद मौजूद पूर्व विधायक बबलू सिंह व ग्रामीण।-संवा
बीकापुर। क्षेत्र के बिलारी माफी तिराहे के पास कीचड़ पड़ने का विरोध करने पर कार सवार ने एक युवक पर फायर कर दिया। गनीमत रही कि गोली उनके पैर के बगल से निकल गई, जिससे उनकी जान बच गई। घटना सोमवार शाम लगभग छह बजे की है। मौके पर आई पुलिस ने छानबीन शुरू की है।
शाम करीब छह बजे अयोध्या की तरफ से तेज रफ्तार कार से कुछ लोग बिलारी माफी तिराहे के पास पहुंचे। इस बीच हाईवे के किनारे से सब्जी खरीदने जा रहे बिलारी माफी निवासी मुकेश विश्वकर्मा के ऊपर कीचड़ पड़ गया तो उन्होंने कार सवारों को सही ढंग से कार चलाने के लिए कहा। यह बात उन्हें नागवार गुजरी और कार से उतरे एक युवक ने असलहा लहराने लगा। इसे देख मुकेश भागने लगे तो उनके ऊपर फायर झोंक दिया।
फायर की आवाज सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ बढ़ने लगी तो कार सवार सुल्तानपुर की तरफ भाग निकले। सीओ पीयूष पाल, इंस्पेक्टर गौरीशंकर पाल के साथ आए और पीड़ित युवक का बयान दर्ज किया। क्षेत्र भ्रमण पर निकले पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू भी घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की निंदा की। वहीं, घटना के बाद से बाजार में दहशत का माहौल है। घटनास्थल के पास स्थित बीज भंडार की दुकान के संचालक से पुलिस पूछताछ कर रही है।
चर्चा है कि फायर करने वाले आरोपी दुकानदार के परिचित हैं। आरोपियों की संख्या और पहचान अभी नहीं हो सकी है। सीओ ने बताया कि आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है।